देश के सबसे गरीब मंत्रियों में शमिल राज्य के 4 मंत्री

एडीआर की रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
ममता बनर्जी और बीरबाहा हांसदा
ममता बनर्जी और बीरबाहा हांसदा
Published on

कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश में सबसे गरीब मुख्यमंत्रियों में से एक हैं, यह बात सभी जानते हैं। अब देश के 10 सबसे गरीब मंत्रियों की सूची में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत राज्य के तीन अन्य मंत्री भी शामिल हो गये हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल की वन मंत्री बीरबाहा हांसदा ने केवल 3 लाख रुपये से अधिक, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बुलू चिक बड़ाइक ने 5 लाख रुपये से अधिक और संसदीय कार्य एवं पश्चिमांचल विकास राज्य मंत्री संध्या रानी टुडू ने 21 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। ये तीनों ही आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधि हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभालती हैं, 15 लाख से कम संपत्ति के साथ देश की 10 सबसे गरीब मंत्रियों में आठवें स्थान पर हैं। वह देश की सबसे गरीब मुख्यमंत्री भी हैं। एडीआर की रिपोर्ट में देश के 27 राज्यों, 3 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के कुल 652 मंत्रियों में से 643 का विश्लेषण किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, कुल 36 मंत्री अरबपति हैं, सभी मंत्रियों की औसत संपत्ति 37.21 करोड़ रुपये है। कर्नाटक में सबसे ज्यादा 8 अरबपति मंत्री हैं, इसके बाद आंध्र प्रदेश में 6 और महाराष्ट्र के 4 मंत्री अरबपति हैं। पश्चिम बंगाल का नाम अरबपति मंत्रियों की सूची में नहीं है।

राजनीतिक दलों में बीजेपी के 14, कांग्रेस के 11 और टीडीपी के 6 मंत्री अरबपति हैं। हालांकि टीएमसी के 40 में से एक दर्जन मंत्री करोड़पति हैं, लेकिन सबसे अमीर 10 मंत्रियों की सूची में कोई नहीं है। वहीं, सबसे गरीब 10 मंत्रियों में बंगाल के 4 मंत्री शामिल हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in