

सन्मार्ग संवाददाता
कांचरापाड़ा : कांचरापाड़ा रेलवे वर्कशॉप में रेलवे में नौकरी दिलाने और विभिन्न अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल करके लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में वर्कशॉप से ही आरपीएफ ने एक अभियुक्त अशोक दास और उसके 3 साथियों को पकड़ा। बताया गया है कि रेलवे पुलिस ने उनके पास से कुछ फर्जी रेलवे पहचान पत्र और कुछ फर्जी दस्तावेज बरामद किये हैं। इसके बाद रेलवे पुलिस ने अभियुक्त अशोक दास उर्फ बुलू और 3 अन्य अभियुक्तों को बीजपुर पुलिस के हवाले कर दिया। बीजपुर पुलिस ने अभियुक्तों को नकली सरकारी दस्तावेजों और ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर उन्हें गुरुवार को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया। अशोक को तृणमूल समर्थक बताया जाता है, हालांकि कांचरापाड़ा तृणमूल टाउन अध्यक्ष खोकन तालुकदार का दावा है कि अशोक दास उर्फ बुलू तृणमूल कार्यकर्ता नहीं है। खोकन तालुकदार का कहना है कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, भाजपा बैरकपुर सांगठनिक युवा मोर्चा के बिमलेश तिवारी ने सवाल किया कि इतनी सुरक्षा के बावजूद अभियुक्त इस फर्जी नौकरी का झांसा देकर पैसे कैसे ऐंठ रहे थे ? यह जांच का विषय है।