निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव: उत्तर 24 परगना के बागदा थाना अंतर्गत चान्गा चांदपुर इलाके में 'प्रेम सप्ताह' के दौरान एक रोंगटे खड़े कर देने वाली त्रासदी सामने आई है। जिस उम्र में युवा सुनहरे भविष्य के सपने देखते हैं, उस उम्र में एक प्रेमी जोड़े ने मौत को गले लगा लिया। प्रेमी सूर्या की मौत के ठीक 24 घंटे बाद उपचाराधीन नाबालिग प्रेमिका ने भी शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बालिग प्रेमी और नाबालिग प्रेमिका के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के बालिग होने में मात्र तीन महीने शेष थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। परिजनों ने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी थी। गुरुवार को निकाह/शादी होनी थी, लेकिन बुधवार रात दोनों ने एक सुनसान मैदान में मुलाकात की। बताया जा रहा है कि सूर्या ने प्रेमिका की मांग भरी और फिर दोनों ने एक साथ जहर गटक लिया।
लड़की ने जहर खाने के बाद घर फोन कर इसकी जानकारी दी। आरोप है कि जब परिजन मैदान में पहुँचे, तो उन्होंने युवक को बुरी तरह पीटा और उसे वहीं मरणासन्न हालत में छोड़कर लड़की को अस्पताल ले गए। बाद में युवक को भी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ गुरुवार को उसकी मौत हो गई। शुक्रवार रात प्रेमिका ने भी आखिरी सांस ली। युवक के परिवार ने इस पूरी घटना के लिए लड़की के परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।