

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल के 2026 विधानसभा चुनाव की घोषणा अगले महीने होने की संभावना जताई जा रही है। चुनावी रणभेरी बजने से पहले ही राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इन तैयारियों में सबसे अहम कड़ी है उम्मीदवारों का चयन। इसे लेकर सभी दलों में मंथन तेज है। सूत्रों के अनुसार सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की संभावित उम्मीदवारों की सूची को लेकर उच्च स्तरीय कई बैठकें हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों की एक प्रारूप सूची (ड्राफ्ट) लगभग तैयार है। हालांकि अंतिम मुहर पार्टी सुप्रीमो की स्वीकृति के बाद ही लगेगी। उम्मीदवारों की सूची को लेकर पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्सुकता तेज है। तृणमूल कांग्रेस अपनी उम्मीदवारों को लेकर हर तरह से फोकस कर रही है। अनुभवी से लेकर नवयुग को मौका देने की प्रबल संभावना है।
मुख्य बातें
कुछ हेवीवेट उम्मीदवारों की बदल सकती हैं सीटें
तृणमूल के उम्मीदवार तालिका में हो सकती है चमक
अनुभवी से लेकर नये चेहरों को मिल सकता है मौका
कई सीटों पर गहन चर्चा जारी
सभी सीटों पर ही क्या चमक होगी?
उम्मीदवार चयन में कई अहम रणनीति अपना सकती है। संगठन के भीतर यह भी संकेत मिल रहे हैं कि कई सीटों पर उम्मीदवारों में बदलाव किया जा सकता है। कुछ हेवीवेट उम्मीदवारों की सीट बदलने की चर्चा तेज है। कुछ सीटों पर नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि कई सीटों को लेकर अभी भी गहन चर्चा जारी है। तृणमूल सूत्रों के मुताबिक हर सीटों पर भी राजनीतिक समीकरण होगी।
खुलने लगे लेटर बॉक्स
उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यापक बनाने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय तृणमूल भवन में एक लेटर बॉक्स रखा है। इस माध्यम से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता और कार्यकर्ता अपना बायोडाटा जमा कर रहे हैं। पिछले कई दिनों से यह प्रक्रिया लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार लेटर बॉक्स में जमा आवेदनों को अब खोला जाने लगा है। मंगलवार तक बड़ी संख्या में आवेदन जमा होने की जानकारी मिली है। चुनावी सरगर्मी के बीच उम्मीदवारों की अंतिम सूची को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता और चर्चा दोनों चरम पर हैं।