

महाराष्ट्र से 1100 किमी का सफर तय कर पुष्कर पहुंची
पुष्कर (राजस्थान) : राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इस बार एक नन्ही भैंस ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आमतौर पर मेले में विशालकाय भैंसों, ऊंचे कद के घोड़ों और सजे-धजे ऊंटों की चर्चा होती है, लेकिन इस बार महज 2 फीट की भैंस ‘पिंकी’ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उसकी खासियत सिर्फ उसका छोटा कद ही नहीं, बल्कि उसकी बताई जा रही एक करोड़ रुपये की कीमत भी है।
महाराष्ट्र के ठाणे से आई करीब 5 वर्षीय पिंकी को उसके मालिक सोहिल शकील लगभग 1100 किलोमीटर का सफर तय कर पुष्कर मेले में लेकर पहुंचे हैं। मेले में पिंकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। बच्चे हों या बड़े, हर कोई उसके साथ तस्वीर खिंचवाने और वीडियो बनाने के लिए उत्सुक नजर आ रहा है।
छोटे कद की वजह प्राकृतिक
पिंकी के मालिक के मुताबिक, उसका छोटा कद किसी विशेष नस्ल की वजह से नहीं, बल्कि प्राकृतिक रूप से है। बताया जाता है कि उसकी मां का कद भी सामान्य भैंसों से छोटा, करीब 3 फीट था और वह प्रतिदिन लगभग 2 लीटर दूध देती थी। पिंकी ने अभी तक किसी बच्चे को जन्म नहीं दिया है।
1 करोड़ की कीमत
पिंकी की कीमत को लेकर भी खूब चर्चा है। उसके मालिक की ओर से इसकी कीमत 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, किसी खरीदार के सामने आने की अभी कोई सूचना नहीं है। सोशल मीडिया पर इसकी कीमत 20 लाख से 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है।
पिंकी के मालिक उसकी देखभाल का विशेष ध्यान रखते हैं। उसे सादा भोजन, साफ पानी और पर्याप्त आराम दिया जाता है। तेज आवाज और शोर से भी उसे दूर रखा जाता है। पुष्कर मेले में बड़े-बड़े पशुओं के बीच पिंकी ने अपने छोटे कद से ऐसी पहचान बनाई है कि वह मेले की सबसे चर्चित आकर्षणों में शामिल हो गई है।