दिल्ली विस्फोट की जांच का डर दिखाकर ठग लिए 16.5 लाख

मुंबई में जालसाजों ने खुद को आतंकवादी रोधी दस्ते (एटीएस) और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया।
दिल्ली विस्फोट
दिल्ली विस्फोट-
Published on: 

मुंबईः मुंबई में जालसाजों ने खुद को आतंकवादी रोधी दस्ते (एटीएस) और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का अधिकारी बताकर एक वरिष्ठ नागरिक को ‘डिजिटल अरेस्ट’ किया और कथित तौर पर 16.5 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पीड़ित को यह कहकर डराया कि दिल्ली बम विस्फोट के मामले में उनका नाम सामने आया है।

एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के अंधेरी (पूर्व) निवासी पीड़ित ने सोमवार को पश्चिम क्षेत्र के साइबर थाने से संपर्क किया। पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के बाहर एक गाड़ी में हुए विस्फोट में 12 से अधिक लोग मारे गए थे।

पुलिस के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के सेवानिवृत्त अधिकारी को 11 दिसंबर को अज्ञात व्यक्तियों का फोन आया, जिन्होंने खुद को दिल्ली आतंकवाद रोधी विभाग का अधिकारी बताया। फोन करने वाले ने पीड़ित को धमकी दी कि दिल्ली बम विस्फोट मामले में उनका नाम सामने आया है और उनसे गुप्त रूप से पूछताछ की जरूरत है। उसने बताया कि इसके बाद जालसाज ने पीड़ित को ‘सिग्नल’ एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा और उस ऐप पर वीडियो कॉल की। वीडियो कॉल करने वाले ने खुद को एनआईए अधिकारी सदानंद दाते के रूप में पेश किया।

दिल्ली विस्फोट
ग्रीनलैंड से हमारा कोई लेना-देना नहीं: पुतिन

एक ऐप डाउनलोड कराकर पैसे लिये

पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले ने पीड़ित से कहा कि उनके मोबाइल नंबर से जुड़े एक बैंक खाते में धनशोधन के जरिए कथित तौर पर सात करोड़ रुपये अंतरित हुए हैं और उन्हें धमकी दी कि इस मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गंभीरता और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए कॉल करने वाले ने पीड़ित को किसी से भी इस बारे में बात न करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठगों ने दावा किया कि एजेंसी को यह सत्यापित करना है कि उनके निवेश और जमा राशि कानूनी स्रोतों से हैं या नहीं। इसके लिए उन्होंने पीड़ित से कुछ बैंक खातों में धन राशि अंतरित करने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने 16.5 लाख रुपये अंतरित कर दिए, लेकिन इसके तुरंत बाद कॉल करने वाले ने सेवानिवृत्त अधिकारी का नंबर ब्लॉक कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने बाद में साइबर थाने से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in