

वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों से भरी एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि भारत सरकार पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वियतनाम में भारतीय नागरिकों से जुड़े इस दुखद नाव हादसे की खबर से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम ने बताया कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं तथा भारतीय अधिकारी वियतनामी प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की सफलता की कामना की।
भारतीय दूतावास ने बताया कि घटना के बाद हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों और भारतीय नागरिकों को तुरंत सहायता मिल सके।
जानकारी के अनुसार, नाव में 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार चालक दल के सदस्य शामिल थे। यह नाव होन मे रुट (Hon May Rut) द्वीप से लौटते समय तट से करीब 400 मीटर पहले पलट गई।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे के समय समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें चल रही थीं। बचाव दल ने लाइफ बॉय और जेट स्की की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला। टीवी फुटेज में तट पर घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए भी देखा गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नाव में सवार अधिकांश भारतीय स्मार्टफोन कंपनी लावा मोबाइल्स (Lava Mobiles) के कर्मचारी और डिस्ट्रीब्यूटर थे। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।