नदी में डूबते बांग्लादेशी जहाज से 12 नाविकों को बचाया गया

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की मुरी गंगा नदी में डूबते एक बांग्लादेशी जहाज से 12 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बांग्लादेश की ओर जा रहा जहाज बुधवार को पानी में डूबे रेत के टीले से टकरा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “खुलना से आया जहाज ‘एमवी तमजीद’ दक्षिण 24 परगना के बज बज से राख की खेप लेकर बांग्लादेश जा रहा था।” उन्होंने बताया, “मुरी गंगा नदी से गुजरते समय जहाज पानी में डूबे रेत के टीले से टकरा गया। इससे जहाज के मध्य हिस्से में दरार आ गई और इसमें पानी घुसने लगा।” अधिकारी के मुताबिक, जहाज को मुश्किल में देख स्थानीय मछुआरों ने सागर पुलिस थाने को सूचित किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जहाज पर सवार सभी 12 नाविकों को मछुआरों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया। अधिकारी के अनुसार, “जहाज पर सवार 11 नाविक बांग्लादेश के नागरिक हैं। घटना में किसी भी नाविक को कोई चोट नहीं आई।” उन्होंने बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हादसा धुंध और कम दृश्यता के कारण हुआ या फिर इसके लिए कोई यांत्रिक खराबी जिम्मेदार है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in