एसएसबी के चिकित्सा शिविर में 118 ग्रामीणों की हुई जांच

सीमाना बस्ती में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ श्री अन्न के पोषण संबंधी लाभों की दी गई जानकारी
एसएसबी के चिकित्सा शिविर में 118 ग्रामीणों की हुई जांच
Published on: 

सिलीगुड़ी: सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 8वीं बटालियन की ओर से शुक्रवार को सीमाना बस्ती में मानव चिकित्सा शिविर लगाया गया। नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित इस शिविर में 118 ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार उपचार दिया गया। साथ ही, उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

8वीं बटालियन, एसएसबी खपरैल की ओर से कमांडेंट पी. वी. सामी के मार्गदर्शन में सीमा चौकी सीमाना के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत गांव के सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सा शिविर का नेतृत्व डॉ. अनीषा गरवा ने किया। इसमें सीमाना बस्ती और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य रहा।

श्री अन्न के पोषण पर भी जागरूकता

चिकित्सा शिविर के साथ ग्रामीणों के लिए श्री अन्न यानी मिलेट्स को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें मोटे अनाज में मौजूद पोषक तत्वों, संतुलित आहार में उनकी उपयोगिता और दैनिक भोजन में उन्हें शामिल करने के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को पारंपरिक मोटे अनाज का सेवन बढ़ाने और पौष्टिक भोजन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

एसएसबी की ओर से बताया गया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जरूरी जानकारियां पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय समुदाय के साथ संपर्क बढ़ाने के अलावा बल और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्दपूर्ण संबंध मजबूत करने में भी मददगार हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in