जनगणना के पहले चरण का 100 % काम पूरा

बंगाल में समयसीमा से पहले हुआ काम
जनगणना के पहले चरण का 100 % काम पूरा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल ने जनगणना के पहले चरण का 100 प्रतिशत क्षेत्रीय कार्य 14 सितंबर की समयसीमा से पहले ही पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे राज्य के लिए “गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण उपलब्धि” बताया। उन्होंने इस काम को पूरा करने के लिए प्रशासनिक तंत्र की “पूरी लगन, बारीकी से बनायी गई योजना और लगातार प्रयासों” की सराहना की। मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी जिलों, अनुमंडलों, प्रखंडों, नगर निगमों और नगरपालिकाओं में मकानों की गिनती का शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अनुमानित 3.69 करोड़ के मुकाबले अब तक 3.68 करोड़ (3,68,30,150) मकानों की गणना भी की जा चुकी है, जो अनुमानित परिवारों का करीब 99.7 प्रतिशत है। शुभेंदु ने इस क्षेत्रीय कार्य को पूरा करने वाले जमीनी स्तर के गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने राज्य के पहाड़ी, मैदानी और नदी से लगे इलाकों में घर-घर पहुंचने के लिए अलग-अलग मौसम परिस्थितियों में कई किलोमीटर की यात्रा की। मुख्यमंत्री ने इस अभियान के दौरान समन्वय और नेतृत्व के लिए जिलाधिकारी, अनुमंडल अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी, नगर आयुक्त और प्रभारी अधिकारी सहित जिला प्रशासन का भी आभार जताया। उन्होंने गणना कार्य में सहयोग करने के लिए नागरिकों को उनकी “गर्मजोशी भरी मेजबानी, धैर्यपूर्ण सहयोग और सक्रिय भागीदारी” के लिए धन्यवाद दिया। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “जब हम प्रतिबद्धता और एकजुटता के साथ मिलकर काम करते हैं तो पश्चिम बंगाल उत्कृष्टता का एक उदाहरण पेश करता है।” उन्होंने इस काम से जुड़े सभी लोगों से आगे भी इसी तरह काम जारी रखने का आग्रह किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in