टॉप न्यूज़
हिमाश्री बोरो को न्याय दिलाने के लिए आसू ने निकाला कैंडल मार्च
ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) ने रविवार को राज्यभर के जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च निकाला
गुवाहाटी :
असम की छात्रा हिमाश्री बोरो की मौत के मामले में न्याय की मांग और महिलाओं की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के आह्वान के साथ ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) ने रविवार को राज्यभर के जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान छात्र संगठन ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर समाज का ध्यान आकर्षित करते हुए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की। गुवाहाटी में ऑल कामरूप (मेट्रो) जिला छात्र संघ ने राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत उजान बाजार स्थित शहीद भवन में कैंडल मार्च का आयोजन किया। इसमें हिमाश्री बोरो को न्याय दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
एकजुट होकर प्रयास करने का किया आह्वान
आसू ने अपने संदेश के माध्यम से लोगों से महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील होने और महिलाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया। संगठन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज को इसके लिए आगे आना होगा। अपने भावनात्मक संदेश में संगठन ने कहा, “मां के आंसू धरती को भिगो देते हैं, बहनों की चीख आसमान को चीर देती है। अगर हमने महिला सुरक्षा का संकल्प नहीं लिया तो देश का गौरव धूल में मिल जाएगा।” हिमाश्री बोरो की मौत के बाद असम में न्याय की मांग तेज हुई है। आसू के इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के जरिए छात्र संगठन ने मामले की जांच के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सामाजिक प्राथमिकता बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

