

कोलकाता : मुर्शिदाबाद जिला का फरक्का अब महकमा बनने जा रहा है। इसके लिए राज्य कैबिनेट की मुहर लग गयी है। सीएम ममता बनर्जी ने हाल में मुर्शिदाबाद जिला दौरे से फरक्का को महकमा बनाने की घोषणा की थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को नवान्न में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गयी है। सूती (1,2), शमशेरगंज और फरक्का इन सभी ब्लॉक को लेकर फरक्का महकमा बनाया जायेगा। इससे यहां स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं मिलने में और सहूलियत होगी। पहले ये चारों ब्लॉक जंगीपुर अनुमंडल का हिस्सा थे। बड़ी आबादी के कारण जंगीपुर अनुमंडल प्रशासक को इस विशाल क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। हाल ही में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद में प्रशासनिक बैठक में फरक्का में नये महकमा के गठन की घोषणा की थी। इसके तुरंत बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई। मंत्रिमंडल ने सोमवार को नये महकमा में विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर 109 कंट्रेक्चुअल आधार पर पदों के सृजन के निर्णय को भी मंजूरी दे दी है।