वोट लूट को रोकने के लिए बैलेट बॉक्स पर लगाए जाएंगे क्यूआर कोड

वोट लूट को रोकने के लिए बैलेट बॉक्स पर लगाए जाएंगे क्यूआर कोड
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत चुनावों के लिए खास क्यूआर कोड वाले मतपेटियों का उपयोग करने का फैसला लिया है। निर्वाचन आयोग सूत्रों के अनुसार हर एक मतदान केंद्र में चार मतपेटियां होंगी। पंचायत समिति स्तर के लिए एक बड़े आकार का डिब्बा, ग्राम पंचायत स्तर के लिए एक मध्यम आकार का डिब्बा और जिला परिषद स्तर के लिए दो छोटे आकार के डिब्बे होंगे। हर बैलेट बॉक्स में एक यूनिक क्यूआर कोड होगा जिसमें बूथ-वार और जिले-वार विवरण होगा, जो चुनाव आयोग के पोर्टल पर भी उपलब्ध होगा। चुनाव आयोग के कार्यालय के पास इस बात की पूरी जानकारी होगी कि मतपेटी किस बूथ के लिए और किस जिले में आवंटित की गयी है। इससे व्यवस्था पारदर्शी होगी और मतगणना से पहले मतपेटी में बदलाव के आरोपों का समाधान होगा। निर्वाचन आयोग सूत्रों के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 22 जिलों में कुल बूथों की संख्या 61,636 है। हालांकि 1 हजार 43 बूथों पर विभिन्न कारणों से वोटिंग नहीं हो रही है। ऐसे में 60 हजार 593 बूथों पर ही मतदान होंगे। गौरतलब है कि पिछले पंचायत चुनाव के दौरान कई मतगणना केंद्रों पर बक्से बदलने के आरोप सामने आए थे। यही कारण है कि इस बार निर्वाचन आयोग बैलेट बॉक्स की सुरक्षा को लेकर अत्यधिक सावधानी बरत रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News