दर्दनाक : लौट रहे थे बेटी की शादी कराकर, बस के तेज धक्के से…

दर्दनाक : लौट रहे थे बेटी की शादी कराकर, बस के तेज धक्के से…
Published on: 

लेकटाउन से बस चुराकर भाग रहा था ड्राइवर, सिग्नल पर खड़ी थी कार
अभियुक्त चोर हुआ गिरफ्तार, हादसे में कार का ड्राइवर हुआ घायल
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ जब अपनी बेटी की शादी कराकर लौट रहे परिवार की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गयी। परिवार शादी से लौट रहा था और सिग्नल के पास कार खड़ी थी। बस ड्राइवर ने खड़ी कार के पीछे जोर से धक्का मारा जिसमें लड़की के पिता, भाई और दादी की मौत हो गयी। एक ही परिवार के 3 लोगों की इस हादसे में मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है। यह घटना लेकटाउन थानांतर्गत लेकटाउन क्रॉसिंग के निकट वीआईपी रोड पर घटी है। मृतकों के नाम शिवशंकर राठी (54), कमला राठी (73) और श्रीवत्स राठी (23) हैं। हादसे में कार के ड्राइवर अंकित महतो (20) की गर्दन टूट गयी है। आरोप है कि कार को टक्कर मारने के बाद घातक बस के ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी। इसके बाद दक्षिणदाड़ी के पास सड़क पर खड़े ट्रक से बस जा टकरायी। पुलिस ने मामले में अभियुक्त चोर व बस ड्राइवर हजीबुल्ला मोल्ला (40) को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ गैरइरादतन हत्या, खतरनाक ड्राइविंग और चोरी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गत रविवार को श‌िवशंकर राठी की बेटी आयुषी राठी की शादी देवेन्द्र गुप्ता से न्यू टाउन के सिटी सेंटर 2 के निकट स्थित एक बैंक्वेट में हुई। सोमवार की भाेर लगभग 3 बजे बेटी की विदाई के बाद शिव शंकर राठी अपनी मां कमला और बेटे श्रीवत्स के साथ कार में वापस मानिकतल्ला स्थ‌ित घर में लौट रहे थे। राठी परिवार के एक रिश्तेदार दीपक डागा ने बताया कि इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। जरा सोचिए, उक्त 25 वर्षीया लड़की का क्या हाल होगा जिसने अपनी शादी का पहनावा अभी खोला भी नहीं था कि उसे अपने पिता, भाई और दादी की मौत की खबर मिली। वह लगातार बेहोश हो रही है और उसकी मां भी लगातार बीमार पड़ रही है। हमारे पास शब्द नहीं हैं उन्हें ढांढस बंधाने के लिए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार श‌ि‍वशंकर राठी अपने परिवार के साथ मानिकतल्ला के अरविंद आवासन इलाके में एक मकान के चौथे तल्ले पर स्थित फ्लैट में रहते थे। उनका पोद्दार कोर्ट के निकट इलेक्ट्र‌िकल गुड्स का व्यवसाय था। श्रीवत्स इन दिनों एमबीए की पढ़ाई करने के साथ ही पिता के व्यवसाय में मदद कर रहा था। वहीं बेटी आयुषी डॉक्टर है और वह ईएम बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रैक्ट‌िस करती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in