

कलबुर्गी : कर्नाटक के कलबुर्गी से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बस ड्राइवर ने स्कूली छात्राओं को बस में चढ़ने से इसलिए मना कर दिया क्योंकि वे बुर्का नहीं पहनी थीं। छात्राओं से बुरे व्यवहार की इस कथित घटना की हर तरफ आलोचना हो रही है। मामले में अभी तक पुलिस से शिकायत नहीं हुई है। अभी तक किसी अधिकारी ने इस घटना पर बयान भी जारी नहीं किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में एक बस ड्राइवर ने कथित तौर पर बुर्का पहने बिना स्कूली छात्राओं को बस में चढ़ने से मना कर दिया। मामले के बारे में जानकारी होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। यह घटना तब हुई जब छात्राएं स्कूल जाने के लिए कमलापुर तालुक के ओकाली गांव से बसवकल्याण जा रही थीं।
हिजाब पहनने वाली छात्राओं को भी No Entry
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह बस बसवकल्याण-कालबुर्गी मार्ग पर चलती है। लोगों ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने मांग की कि सभी मुस्लिम छात्राएं बस में चढ़ने से पहले बुर्का पहनें। यहां तक कि हिजाब (सिर पर स्कार्फ) पहनने वाली छात्राओं को भी बस में प्रवेश से वंचित कर दिया गया। ड्राइवर ने कहा कि मुस्लिम छात्राओं को बुर्का में ही बस में प्रवेश करने दिया जाएगा।
मुस्लिम हैं तो बुर्का पहनें, हिजाब नहीं
ड्राइवर ने कहा, "अगर आप मुस्लिम हैं तो बुर्का पहनें, हिजाब नहीं, तभी हम आपको बस में चढ़ने देंगे।" एक छात्रा ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ड्राइवर ने उनकी धार्मिक पहचान पर सवाल उठाया और उनसे बुर्का पहनने पर जोर दिया। जब छात्राओं ने बात मानने से इनकार कर दिया और अपना नाम नहीं बताया, तो ड्राइवर ने उनके साथ बदसलूकी की और वहां से भगा दिया। जब अन्य यात्रियों ने ड्राइवर से उसकी हरकतों के बारे में पूछा, तो उसने यह दावा करके अपना बचाव किया कि बस चालू हालत में नहीं थी और छात्र उपद्रव कर रहे थे।