पांचला की घटना का ​जिक्र कर राे पड़ीं लॉकेट

पांचला की घटना का ​जिक्र कर राे पड़ीं लॉकेट
Published on

भाजपा का दावा : मणिपुर जैसी दो घटनाएं पश्चिम बंगाल में हुईं
सन्मार्ग संवाददाता
नयी दिल्ली/कोलकाता : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने मणिपुर में दो जनजातीय महिलाओं को निर्वस्त्र कर भीड़ द्वारा घुमाये जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए शुक्रवार को दावा किया कि उनके राज्य में भी दो महिलाओं के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार किया गया है। नयी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में मजूमदार के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी की सांसद लॉकेट चटर्जी हावड़ा के पांचला की घटना का उल्लेख करने के दौरान रो पड़ीं। सुकांत मजूमदार ने कहा कि दोनों घटनाओं में फर्क सिर्फ इतना है कि पश्चिम बंगाल में मणिपुर जैसी हुई दो घटनाओं का वीडियो उपलब्ध नहीं है। मजूमदार ने कहा, 'मणिपुर में जो घटना हुई वो बहुत दु:खद है, हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं, ऐसी घटना कहीं भी नहीं होनी चाहिए। बंगाल के दक्षिण पांचला में भाजपा की महिला सदस्य को पंचायत चुनाव लड़ने के कारण निवस्त्र करके घुमाया गया। क्या ये मणिपुर से कम दु:खद घटना है?' उन्होंने कहा, 'फर्क बस ये है कि इसका कोई वीडियो नहीं है क्योंकि ममता बनर्जी की पुलिस और गुंडे किसी को भी वीडियो नहीं बनाने देते।' भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि एक ही दिन अलीपुरद्वार (उत्तर बंगाल) और बीरभूम (दक्षिण बंगाल) में दो महिलाओं को नंगा करके गांव में घुमाया गया।
इधर, लॉकेट चटर्जी ने इस अवसर पर दावा किया कि जैसी स्थिति मणिपुर की है, वैसी ही स्थित आज बंगाल की है। अलीपुरद्वार और बीरभूम की घटनाओं का उल्लेख करते हुए चटर्जी रो पड़ीं और भारी मन से उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल भी भारत का हिस्सा है, जैसे मणिपुर है। उन्होंने कहा, 'हमारी बेटियां कहां जाएंगी। हम कुछ नहीं कर सकते हैं।' चटर्जी ने कहा कि बंगाल में महिलाओं की यह स्थिति तब है जब राज्य की मुख्यमंत्री स्वयं महिला हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ हो रहे कथित अत्याचारों की घटनाओं में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा और उनसे चुप्पी तोड़ने की गुजारिश की। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस भी अभी ममता बनर्जी के साथ जुड़ गई हैं इसीलिए सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी दोनों चुप हैं। बाकी प्रदेशों में जाकर ये लोग रोते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में ये चुप हैं।'

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in