बंगाल में तुष्टीकरण और सांप्रदायिकता की राजनीतिक कर रही ममता – शुभेंदु

Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता
खेजुरी : पूर्व मिदनापुर जिला अंतर्गत खेजुरी में भाजपा ने जुलूस निकाल कर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया। इस सभा में मुख्य़ वक्ता के तौर पर राज्य विरोधी दल के नेता शुभेन्दु अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में टीएमसी के खिलाफ निशाना साधा। शुभेन्दु अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य की सीएम ममता बनर्जी बंगाल में सांप्रदायिकता और तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। बंगाल में हिंदुओ की उपेक्षा हो रही है। जबकि वोट बैंक के लिए टीएमसी केवल मुसलमानों का तुष्टीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में टीएमसी ने काफी धांधली की लेकिन इसके बावजूद भाजपा ने नंदीग्राम, खेजुरी समेत राज्य के विभिन्न जगहों पर हजारों पंचायतों में जीत का परचम लहराया। शुभेन्दु ने कहा कि टीएमसी की सरकार राज्य में विरोधी दलों को सभा और जुलूस का आयोजन किए जाने पर रोक लगा रही है ताकि खेजुरी में भाजपा सभा न कर सके। इसके लिए राज्य सरकार ने खेजुरी में 144 धारा भी लगा दी है। राज्य सरकार के इस कार्य की हाईकोर्ट की ओर से भी निंदा की गई। यादवपुर विश्वविद्यालय में छात्र मृत्यु की घटना की निंदा करते हुए उन्होंने प्रदेश की टीएमसी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राज्य में रहने वाले लाखों लोग नौकरी के लिए बाहरी प्रांतों में जा रहे हैं और प्रदेश की टीएमसी सरकार सिर्फ तुष्टीकरण में ही व्यस्त होकर रह गयी है। चंद्रयान-3 की कामयाबी पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि भारत की इस सफलता को पाकिस्तान के लोग भी सराह रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News