मुंबई में हिंदू संगठन ने आदिपुरुष का शो रुकवाया

मुंबई में हिंदू संगठन ने आदिपुरुष का शो रुकवाया
Published on

मुंबई : प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म आदिपुरुष को लेकर विवाद जारी है। मुंबई के नालासोपारा में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम को फिल्म का शो रुकवा दिया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थिएटर में पहुंचकर नारेबाजी की और दर्शकों से हॉल के बाहर जाने को कहा। इसके बाद शो रद्द कर दिया गया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार की शाम हिंदूवादी संगठनों ने रैली निकाली। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मॉल के अंदर घुस गए। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की थी, लेकिन वे इसे तोड़कर मॉल के अंदर घुस गए। इसके बाद हॉल के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके हटाया।

विवादित डायलॉग हटाएंगे

इधर, विवाद के बाद फिल्म मेकर्स ने विवादित डायलॉग पर बढ़ते विरोध को देखते हुए फिल्म के डायलॉग बदलने का फैसला किया है। फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर ने रविवार को ट्वीट कर फिल्म को लेकर सफाई दी और फिर कहा कि फिल्म से विवादित डायलॉग इसी हफ्ते हटा लिए जाएंगे।

काठमांडू में आदिपुरुष समेत हिंदी फिल्में बैन
इधर नेपाल में काठमांडू महानगरपालिका ने भी आदिपुरुष को न दिखाने का फैसला लिया है। फिल्म में सीता को भारत की बेटी बताने पर नेपाली सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई है। नेपाल सेंसर बोर्ड का कहना है कि सीताजी का जन्म भारत में नहीं, बल्कि नेपाल के जनकपुर में हुआ था। विवाद बढ़ने पर काठमांडू के मेयर ने रविवार से ही शहर में हिंदी फिल्में बैन करने का आदेश दे दिया।

नेपाल की आपत्ति पर भी फिल्म में बदलाव हुआ था
फिल्म में सीता के जन्मस्थान को लेकर विवादित बयान को नेपाल सेंसर बोर्ड की आपत्ति के बाद हटा दिया गया था। इसके बाद फिल्म वहां रिलीज करने की अनुमति मिल गई थी। हालांकि बाकी डायलॉग्स को लेकर फिल्म विवादों में बनी रही और अब इसे बैन कर दिया गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in