पटना में पुलिस पिटाई से भाजपा नेता की मौत

पटना में पुलिस पिटाई से भाजपा नेता की मौत
Published on

पटना : राज्य सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के अधीक्षक आईएस ठाकुर ने मौत की पुष्टि की है। मौत के बाद अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा धरने पर बैठ गए। बीजेपी ने सीएम नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है। कल बीजेपी राजभवन मार्च करेगी।

आंसू गैस के गोले दागे गये

बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े। फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। पुलिस पर मिर्ची स्प्रे से हमला किया।

सांसद को भी पीटा गया

पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया। इसमें वह घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल IGIMS के प्राइवेट वार्ड -1 में एडमिट हैं। उनका CT स्कैन हुआ है। ब्रेन नॉर्मल है। सांसद को वाई प्लस सुरक्षा मिली हुई है। पिटाई के समय उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।

कुर्ता फाड़कर पीटा गया

प्रदर्शन में शामिल भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा को कुर्ता फाड़कर पीटा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं छोड़ा। पीएमसीएच में 11 से अधिक घायल नेता और कार्यकर्ता भर्ती हैं। पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस भरकर ले गई। बाद में छोड़ दिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in