कूचबिहार में भाजपा प्रत्याशी के देवर की हत्या

Published on: 
सन्मार्ग संवाददाता

कूचबिहार : राज्य में चुनावी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। आरोप है कि अब तक चुनाव घोषणा के बाद से 7 लोग मारे जा चुके हैैं। आरोप और प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसबीच दिनहाटा के साहेबगंज थानांतर्गत टियादाह इलाके में पाट खेत से भाजपा कार्यकर्ता शंभु दास (27) का शव बरामद किया गया। मृतक की भाभी बिशाखा दास भाजपा प्रत्याशी के तौर पर पंचायत चुनाव में खड़ी हैं। शंभू दास के पिता नरेन दास का आरोप है कि शनिवार देर रात जब उनका पुत्र घर से निकला तो बदमाशों ने उसका पीछा किया। बचने के लिए वह घर के बगल में पाट खेत की ओर भागने लगा, तभी बदमाशों ने पीछे से धारदार हथियार से वार कर दिया। नरेन दास ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पतोहू विशाखा दास बीजेपी की पंचायत प्रत्याशी बनी हैं। इसलिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें तरह-तरह की धमकी दी जा रही थी। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कहा कि तृणमूल ने हत्या करवायी है। तृणमूल ने आरोप से इनकार किया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News