

सागर : मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं कई अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बराज गांव समेत आसपास के इलाकों में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात शराब पीने के बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और जी मिचलाने जैसी शिकायतें हुईं। जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 14 लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं, गंभीर रूप से बीमार पांच मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बीएमसी सागर रेफर किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर घर-घर जा कर लोगों की जांच कर रही हैं।
प्रशासन को आशंका है कि शराब में जहरीला पदार्थ, संभवतः मेथिल अल्कोहल, मिला हो सकता है। हालांकि मौतों की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस-प्रशासन सक्रिय, शराब के स्रोत की तलाश
घटना के बाद सागर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पीड़ितों ने शराब कहां से खरीदी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। संदिग्ध शराब के नमूनों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की माने तो, प्रभावित इलाकों में डॉक्टरों और नर्सों की टीमें तैनात की गई हैं। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी जांच शुरू कर दी गई है।