

अहमदाबाद : डिजिटल जमाने में बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत कोई नई बात नहीं है लेकिन गुजरात के सूरत में भाई-बहन समेत तीन नाबालिग बच्चों ने गेम्स खेलने से रोकने पर घर छोड़ दिया। पिता के मोबाइल फोन लेने और ऑनलाइन फ्री फायर गेम खेलने से रोकने पर तीन बच्चे 15 हजार रुपये लेकर घर से चले गए। पुलिस को शक है कि ये बच्चे मुंबई जाने वाली ट्रेन में चढ़े गए। पुलिस तीनों बच्चों की खोजबीन कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गुजरात के सूरत के तीन नाबालिग भाई-बहन कथित तौर पर ऑनलाइन गेम फ्री फायर खेलने से रोके जाने के बाद अपने घर से भाग गए। पुलिस के अनुसार लापता बच्चे में एक एक 14 साल का लड़का है। उसके साथ उसका 11 साल का भाई, और उनकी 9 साल की बहन भी घर से गायब हैं। ये सभी कथित तौर पर 19 मई को सुबह घर से निकल गए। इस दौरान परिवार के लोग सो रहे थे। जब उन्होंने सभी बच्चों को गायब देखा तो हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि बच्चे अपने पिता के मोबाइल फोन पर लोकप्रिय ऑनलाइन बैटल गेम फ्री फायर खेलने के बहुत ज्यादा आदी हो गए थे।
पुलिस इंस्पेक्टर एसडी राठौड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच के आधार पर, हमें शक है कि बच्चे मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए होंगे। हमें कुछ अहम सुराग मिले हैं, और हमारी टीमें सभी संभावित जगहों पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक देखे गए सीसीटीवी फुटेज से संकेत मिलता है कि बच्चे सुरक्षित लग रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, पिता पिछले महीने के आखिर में अपने पैतृक गांव गए थे और गलती से अपना फोन घर पर ही छोड़ गए थे। उनकी गैरमौजूदगी मे बच्चों ने कथित तौर पर उस डिवाइस पर गेम खेलते हुए घंटों बिताए। जब वह लौटे, तो बच्चों की मां ने चिंता जताई कि भाई-बहन मोबाइल गेम खेलते हैं। इस आदत को रोकने की कोशिश में, पिता ने कथित तौर पर घटना से तीन दिन पहले फोन से SIM कार्ड निकाल लिया और डिवाइस को एक अलमारी में बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस रोक से बच्चे नाराज हो गए, और फिर कथित तौर पर उन्होंने घर छोड़ने का फैसला कर लिया। सभी बच्चे एक मजदूर परिवार से हैं।