जेएनयू के प्रोफेसर पर 10 से अधिक छात्राओं ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, आंतरिक जांच शुरू

JNU
जेएनयू
Published on

नई दिल्ली : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक प्रोफेसर पर 10 से अधिक छात्राओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यूनिवर्सिटी की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) इन शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, ये शिकायतें करीब एक महीने पहले दर्ज कराई गई थीं ।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के कैंपस में ही रहने वाले प्रोफेसर पर आरोप है कि उसने कुछ छात्रों को अपने घर पर ही आयोजित बैठकों में बुलाया और वहां कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार किया या प्रस्ताव किए। कुछ शिकायतों में क्लास के दौरान भी आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

सीनियर छात्राओं ने भी लगाए आरोप

अधिकारियों के अनुसार, प्रोफेसर के खिलाफ हाल में एक शिकायत सामने आने के बाद कुछ सीनियर छात्राएं भी सामने आईं और उन्होंने भी इस तरह के आरोप लगाए हैं । खबरों के मुताबिक, आईसीसी फिलहाल इन शिकायतों की जांच कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कमेटी जैसे-जैसे अपनी जांच का दायरा बढ़ाएगी अभी और शिकायतें सामने आ सकती हैं ।

प्रोफेसर ने आरोपों को बताया झूठा

वहीं, आरोपों से घिरे प्रोफेसर ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी शिकायत की जानकारी नहीं है। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को गलत बताया। यह भी पूछे जाने पर कि क्या वह आईसीसी के सामने पेश हुए हैं या उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया है, प्रोफेसर ने कहा कि उन्हें किसी शिकायत की जानकारी नहीं है।

आईसीसी ने टिप्पणी से किया इनकार

इस मामले की जांच कर रही जेएनयू की आंतरिक शिकायत समिति ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। समिति का कहना है कि यह आंतरिक मामला है और फिलहाल इसकी जांच चल रही है। जेएनयू की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित ने बताया कि यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर आईसीसी कार्रवाई करती है और कुलपति इस समिति की सदस्य नहीं होती हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in