नशे में 2 सरकारी बसों को जला डाला

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया
Fire bus
AI generated bus
Published on: 

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ शहर में शराब के नशे में दो सरकारी बसों में आग लगाने के आरोप में 34 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के भरवाना धार गांव के सुशांत को तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान सुशांत ने माना कि उसे नशे में बसों में आग लगा दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कैसे हुई घटना

पांच नवंबर को तड़के 1:15 बजे बैजनाथ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास खड़ी हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस और चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम (सीटीयू) की एक बस में अचानक आग लग गई तथा कुछ ही मिनटों में दोनों बसें राख में बदल गईं।

जब यह घटना घटी तब HRTC चालक सुनील कुमार संचालक के साथ पास के कमरे में आराम कर रहा था। सुनील के अनुसार उसे शोर सुनाई दी और जब उसने बाहर आकर देखा तो दोनों बसें आग की लपटों में घिरी हुई थीं।

घटना की जांच जारी

बैजनाथ थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 (जी) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 की धारा चार के तहत मामला दर्ज किया गया। रतन ने कहा कि इस घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने अधिकारियों को बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और पार्किंग क्षेत्रों में नियमित रात्रि गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News