

इम्फाल : मणिपुर पुलिस ने आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस-112) को उन्नत किया है। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उठाया गया है। अब नागरिक एक ही नंबर 112 पर कई आपातकालीन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। पुलिस उप महानिरीक्षक एम. प्रदीप सिंह ने बताया कि 112 के जरिए पुलिस, अग्निशमन सेवा, एम्बुलेंस, महिला हेल्पलाइन और बाल हेल्पलाइन से तुरंत संपर्क किया जा सकेगा। सभी कॉल राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (एसईआरसी) में प्राप्त होंगी।
संबंधित एजेंसियों के साथ किया जाएगा समन्वय
वहां से संबंधित एजेंसियों के साथ तत्काल समन्वय किया जाएगा। नई व्यवस्था में जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग, वाहन पैनिक बटन और रियल टाइम डिस्पैच जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे निकटतम राहत दल तेजी से घटनास्थल पर पहुंचेगा। अपराध, आग, चिकित्सा आपातस्थिति और प्राकृतिक आपदाओं में प्रतिक्रिया समय कम होगा।पुलिस ने बताया कि प्रणाली के मुख्य घटक पहले से संचालित हैं। नेटवर्क को और मजबूत करने का काम जारी है। राज्य सरकार ने 104 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों की मंजूरी के लिए गृह मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। पुलिस ने लोगों से संकट की हर स्थिति में 112 हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की है।
-