

तमिलनाडु विधानसभा में गुरुवार को असामान्य नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अपनी निर्धारित सीट छोड़कर मंत्रियों के बीच जाकर बैठ गए । रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार है कि जब किसी मुख्यमंत्री ने अपनी तय सीट छोड़कर मंत्री के लिए निर्धारित सीट पर बैठकर कार्यवाही में हिस्सा लिया। वे सदन के नेता और मंत्री केए सेंगोट्टैयन और मंत्री आधव अर्जुन के बीच जाकर बैठ गए।
सीएम और मंत्रियों की सीट तय होती
मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा में स्पीकर की सीट के पास अलग सीट निर्धारित होती है। वहीं मंत्री सामने की कतार में बैठते हैं। उनकी सीटें आमतौर पर वरिष्ठता के आधार पर तय होती हैं। विधायक और मंत्री कभी-कभी आपसी बातचीत के लिए अपनी सीट बदल लेते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का अपनी निर्धारित सीट छोड़कर मंत्री की सीट पर जाकर बैठना सामान्य नहीं था।
अब तक विजय के ये कदम सबसे अलग रहे
10 मई 2026: विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ब्लैक सूट में ली। तमिलनाडु की राजनीति में आमतौर पर नेता सफेद शर्ट-वेष्टी में शपथ लेते हैं।
12 मई 2026: विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिक्की राधन पंडित कोऑफिसर ऑफ स्पेशल ड्यूटी (OSD) बनाया। इस फैसले पर भारी विवाद हुआ। उन्होंने नियुक्ति वापस ले ली। 13 मई को इस्तीफा ले लिया।
सचिवालय में अलग कार्यशैली: वे सचिवालय में तय समय पर पहुंचते हैं और करीब सात घंटे अपने डेस्क पर रहते हैं। अफसरों के लिए भी समय की पाबंदी को महत्व दिया गया। प्राप्त रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वे अपना खाना खुद लेकर आते हैं और केबिन में ही खाते हैं।