हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना चाहते हैं : मंधाना

उन्होंने कहा कि भारत की पहली वनडे विश्व कप में भी WPL का अहम योगदान रहा
हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना चाहते हैं : मंधाना
Published on

नवी मुंबई : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की कप्तान स्मृति मंधाना ने गुरुवार को कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का लक्ष्य सभी प्रारूपों में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना है और महिला प्रीमियर लीग (WPL) इसमें अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भारत की पहली वनडे विश्व कप में भी WPL का अहम योगदान रहा। मंधाना की अगुवाई वाली आरसीबी शुक्रवार को यहां डीवाई पाटिल स्टेडियम में WPL के शुरुआती मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी जिसकी अगुवाई भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर कर रही हैं। यह मैच उसी मैदान पर है जहां राष्ट्रीय टीम ने नवंबर में अपना पहला वैश्विक खिताब जीतकर इतिहास रचा था।

हरमनप्रीत के साथ मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में मंधाना ने कहा, ‘T-20 विश्व कप जीतना शानदार होगा। ’ उन्होंने कहा, ‘हमने एकदिवसीय विश्व कप जरूर जीता है, लेकिन टीम में अब भी कई ऐसे पहलू हैं जिन पर हमें काम करने की जरूरत है। हम सही में यह कहना चाहते हैं कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं। अभी हमें काफी सुधार करना है और मुझे पूरा भरोसा है कि WPL इस अंतर को पाटने में हमारी मदद करेगा।’ मंधाना ने कहा कि भारतीय टीम सभी प्रारूपों में दबदबा बनाना चाहती है और इसमें WPL अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘जब भी हम भारत के लिए खेलते हैं तो हमेशा इस बात पर चर्चा करते हैं कि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बनना चाहते हैं। सिर्फ एक-दो टूर्नामेंट के लिए नहीं, बल्कि पूरे साल के लिए। हर WPL हमें उस लक्ष्य के और करीब ले जा रहा है।’ हरमनप्रीत ने कहा कि उन्हें खुशी है कि भारतीय टीम अब बड़े लक्ष्य तय करने लगी है। उन्होंने कहा, ‘हम सिर्फ एक विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं हैं। हमें अभी बहुत क्रिकेट खेलना है और जब भी हम मैदान पर उतरते हैं तो जीत की मानसिकता के साथ उतरना चाहते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘यह अच्छा है कि सिर्फ हम ही नहीं बल्कि नई खिलाड़ी भी अब यह बात कर रही हैं कि हम हर बार चैंपियन बनना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘इससे साफ पता चलता है कि WPL का हम पर कितना असर पड़ा है। खिलाड़ी अब ‘कम्फर्ट जोन’ में नहीं हैं बल्कि बहुत मेहनत कर रही हैं और वह अंतर अब नहीं रहा जो पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आते समय महसूस होता था।’ इंग्लैंड में जून-जुलाई में होने वाले महिला T-20 विश्व कप को लेकर मंधाना ने कहा कि WPL में अच्छा प्रदर्शन भारतीय टीम में चयन का रास्ता भी खोल सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in