विश्वजीत मोरे ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
विश्वजीत मोरे ने किया देश का नाम रोशन, वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता पदक

विश्वजीत मोरे ने अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में रजत जीतकर इतिहास रचा

गोल्ड जीतने का मौका भी था, लेकिन चूक गए भारतीय पहलवान
Published on: 

लास वेगास : विश्वजीत मोरे (55 किलोग्राम) ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय ग्रीको रोमन पहलवान बनकर नया इतिहास रचा, जबकि कोमल और दिशा मलिक कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप में पहले ही 2 कांस्य पदक जीत चुके मोरे के पास स्वर्ण पदक जीतने का शानदार मौका था, लेकिन वह फाइनल में जॉर्जिया के कोबा कारुमिडजे से 12-13 के मामूली अंतर से हार गए और उन्हें इस तरह से दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। मोरे ने मैक्सिको के इसहाक मारिन माटा पर 10-8 की करीबी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और फिर क्वार्टर फाइनल में ईरान के अंडर-20 विश्व चैंपियन आर्मिन शम्सीपुर को 8-1 से हराया। मुकाबले के दौरान शम्सीपुर के बाएं कंधे में चोट लग गई, जिससे भारतीय पहलवान को आसानी से जीत मिल गई। पहले राउंड में मोरे ने ‘शोल्डर थ्रो’ करने की कोशिश की, लेकिन वह इस दांव को ठीक से नहीं लगा पाए। बाद में मोरे ने ईरानी पहलवान पर रोल करके 4 अंक हासिल किए। ऐसा लगता है कि इसी दौरान शम्सीपुर को चोट लग गई। ईरानी पहलवान ने दर्द से कराहते हुए मेडिकल टाइमआउट लिया। मुकाबले के आखिरी मिनट में वह कोई खास चुनौती पेश नहीं कर सके। मोरे का रूस के मलिक गिगीव के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला भी काफी करीबी था जिसमें उन्होंने 7-4 से जीत हासिल की।

पदक राउंड तक नहीं पहुंच पाए बाकी पहलवान

प्रतियोगिता में भाग ले रहे अन्य भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवान पदक राउंड तक नहीं पहुंच पाए। चेतन (63 किलोग्राम) प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गए जबकि करण कंबोज (87 किलोग्राम) क्वालीफाइंग राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए। महिला वर्ग में कोमल (59 किलोग्राम) सेमीफाइनल में यूक्रेन की अलीना फिलिपोविच से हार गईं और अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी। दीक्षा मलिक (76 किलोग्राम) भी कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई हैं, लेकिन मानसी लाठर (68 किलोग्राम) इटली की लौरा गोडिनो से क्वार्टर फाइनल में 9-10 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। मानसी एक समय 1-8 से पिछड़ रही थीं लेकिन उन्होंने लगातार आठ अंक जुटाकर 9-8 से बढ़त बना ली। जैसे ही मुकाबला अंक की ओर बढ़ रहा था और बस चार सेकेंड बचे थे कि गोडिनो ने ‘डबल लेग’ दाव खेलकर दो अंक का ‘टेकडाउन’ हासिल किया और एक अंक के अंतर से मुकाबला जीत लिया।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in