अमेरिकी ओपन : मुचोवा और मेंसिक ने जीता मिश्रित युगल खिताब

कैरोलिना मुचोवा–याकुब मेंसिक की चेक जोड़ी ने रोमांचक फाइनल में बेनसिच–कोबोली को टाईब्रेक में हराकर अमेरिकी ओपन मिश्रित युगल पर कब्जा किया
अमेरिकी ओपन : मुचोवा और मेंसिक ने जीता मिश्रित युगल खिताब
Published on

न्यूयॉर्क : कैरोलिना मुचोवा और याकुब मेंसिक ने बेलिंडा बेनसिच और फ्लावियो कोबोली को 6-3, 1-6, 10-6 से हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट का मिश्रित युगल का खिताब जीत लिया। चेक गणराज्य की जोड़ी ने दो दिन की इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन दोनों मुकाबले मैच टाईब्रेक में जीते। मेंसिक की तेज सर्विस और नेट पर शानदार खेल ने इस जोड़ी की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मेंसिक ने ऐस के साथ फाइनल का अंत किया। इस जोड़ी को 10 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। सेमीफाइनल में भी मुचोवा और मेंसिक हार के करीब पहुंच गए थे लेकिन दो मैच प्वाइंट बचाने के बाद उन्होंने लगातार चार अंक जीतकर मीरा आंद्रीवा और आंद्रे रुबलेव को 5-4, 3-5, 11-9 से शिकस्त दी। फाइनल टूर्नामेंट का एकमात्र मुकाबला था जो सामान्य टेनिस मैच जैसा खेला गया।

इसमें सेट छह गेम के थे और छह-छह की बराबरी पर टाईब्रेक हुआ। शुरुआती तीन दौर में सेट चार गेम के थे और चार-चार की बराबरी पर टाईब्रेक खेला गया था। बेनसिच और कोबोली ने पहले सेमीफाइनल में एलिना स्वितोलिना और गेल मोनफिल्स की पति-पत्नी की जोड़ी को 4-5, 4-1, 10-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in