US ओपन : गेल मोनफिल्स की अपने 40वें जन्मदिन पर शानदार जीत

40वें जन्मदिन पर कोर्ट में चमके मोनफिल्स, पहले सेट में पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए वैलेजो को चार सेटों में मात देकर US ओपन में रचा नया इतिहास
US ओपन : गेल मोनफिल्स की अपने 40वें जन्मदिन पर शानदार जीत
Published on

न्यूयॉर्क : फ्रांसीसी टेनिस स्टार गेल मोनफिल्स ने US ओपन 2026 में अपने 40वें जन्मदिन पर शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने मंगलवार रात को न्यूयॉर्क के लुईस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में खेले गए पहले दौर के मुकाबले में पैराग्वे के 22 वर्षीय खिलाड़ी एडोल्फो डैनियल वैलेजो को 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से शिकस्त दी। इस यादगार जीत के साथ मोनफिल्स ने न केवल अपने ग्रैंड स्लैम करियर को आगे बढ़ाया, बल्कि 2025 विंबलडन के बाद किसी मेजर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत भी दर्ज की।

मुकाबले की शुरुआत गेल मोनफिल्स के लिए आसान नहीं रही। अपने से लगभग आधी उम्र के खिलाड़ी वैलेजो के सामने मोनफिल्स पहला सेट 2-6 से हार गए। ऐसा लग रहा था कि उनका सफर यहीं थम जाएगा, लेकिन इस उम्रदराज खिलाड़ी ने हार नहीं मानी। दूसरे सेट से मोनफिल्स ने अपने अनुभव और चीते जैसी फुर्ती का नजारा पेश किया। उन्होंने लगातार शानदार शॉट लगाए और अगले तीनों सेटों में विपक्षी खिलाड़ी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। चौथे सेट में उन्होंने वैलेजो को एक भी गेम नहीं जीतने दिया और 6-0 से सेट अपने नाम कर मैच जीत लिया।

मोनफिल्स ने लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों से कहा, ‘यह वाकई बहुत खास था। अपने 40वें जन्मदिन पर खेलना खास है। आप लोगों ने इसे अविश्वसनीय बना दिया।’ मोनफिल्स इस साल के बाद संन्यास लेने की योजना बना रहे हैं और इस टूर्नामेंट को यादगार बनाना चाहते हैं, जहां वे 2016 में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी पत्नी एलिना स्वितोलिना के साथ जोड़ी बनाकर इस प्रतियोगिता की शुरुआत की और पहली बार एक साथ खेलते हुए मिश्रित युगल के सेमीफाइनल तक पहुंचे। 

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in