टोटल चेस पायलट: एरिगेसी ने आर्मागेडन बाजी जीती, वैशाली से संभावित भिड़ंत से बचे प्रज्ञानानंदा
बुडापेस्ट :
भारत के अर्जुन एरिगेसी ने आर्मागेडन बाजी में नीदरलैंड के जोर्डन वान फॉरेस्ट को हराया जबकि आर प्रज्ञानानंदा ने यहां टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट प्रतियोगिता में अपनी बहन आर वैशाली के खिलाफ संभावित मुकाबले से बचने में सफलता हासिल की।
नौवें से 12वें स्थान के लिए खेले जा रहे मुकाबले में एरिगेसी ने पहले दिन 11.5-8.5 से जीत दर्ज की थी लेकिन बुधवार को दूसरे दिन उन्हें 8-12 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुकाबला आर्मागेडन तक पहुंच गया।
आर्मागेडन बाजी में वान फॉरेस्ट ने काले मोहरों से खेलने का फैसला किया। वह लंबे समय तक जीत की स्थिति में थे लेकिन 34वीं चाल में अपनी बढ़त गंवा बैठे और एरिगेसी ने इसका फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले एरिगेसी चार ब्लिट्ज बाजियों में से दो और फास्ट क्लासिक बाजी हार गए थे। हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने एक रेपिड बाजी जीती और दूसरी ड्रॉ रही। अब एरिगेसी नौवें स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में हाइक एम मार्टिरोसियन से भिड़ेंगे।दूसरी ओर प्रज्ञानानंदा ने उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ शानदार वापसी की।
फास्ट क्लासिक बाजी से पहले प्रज्ञानानंदा 3.5-8.5 से पीछे चल रहे थे लेकिन उन्होंने काले मोहरों से जीत दर्ज करके दूसरे दिन का मुकाबला 11.5-8.5 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने 21वें स्थान के लिए अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ मुकाबले में जगह बना ली। अगर प्रज्ञानानंद यह मुकाबला हार जाते तो उन्हें 23वें-24वें स्थान के लिए अपनी बहन वैशाली के खिलाफ खेलना पड़ता।
टूर्नामेंट में सबसे कम रेटिंग वाली खिलाड़ी वैशाली को मिश्रा के खिलाफ तीनों ब्लिट्ज और दोनों रेपिड बाजियों में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें फास्ट क्लासिक बाजी में वॉकओवर मिला, लेकिन मिश्रा पहले ही मुकाबला जीतकर अगले दौर में पहुंच गए थे।नॉकआउट मुकाबले के प्रत्येक दिन सात बाजियां खेली जाती हैं जिनमें चार ब्लिट्ज, दो रेपिड और एक फास्ट क्लासिक बाजी शामिल होती है।
ब्लिट्ज में जीत पर एक अंक, रेपिड में चार अंक और फास्ट क्लासिक में जीत पर आठ अंक मिलते हैं। ड्रॉ होने पर दोनों खिलाड़ियों को आधा-आधा अंक दिया जाता है।नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनिश गिरी और फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करके खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
गिरी ने सेमीफाइनल मुकाबले के दूसरे दिन मैक्सिम वाचियेर-लाग्रेव को 12.5-7.5 से हराया। फाबियानो करुआना ने फिरोजा के खिलाफ फास्ट क्लासिक बाजी जीतकर दूसरे दिन का स्कोर 15-5 कर दिया और मुकाबले को टाईब्रेकर तक पहुंचा दिया। हालांकि फिरोजा ने रोमांचक आर्मागेडन मुकाबले में जीत दर्ज की।
करुआना का समय समाप्त हो जाने के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।वाचियेर-लाग्रेव और कारुआना तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे। मैग्नस कार्लसन ने बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ चारों ब्लिट्ज मुकाबले जीतकर दबदबा बनाया और रेपिड में एक जीत तथा एक ड्रॉ के साथ 17वें से 20वें स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में 10-2 की बढ़त हासिल कर ली।
अगले दौर में जगह पक्की करने के बाद कार्लसन ने फास्ट क्लासिक बाजी छोड़ दी जिससे दिन का स्कोर 10-10 से बराबर रहा। हालांकि मंगलवार को मिली जीत उनके अगले दौर में पहुंचने के लिए पर्याप्त थी। अब उनका सामना व्लादिस्लाव आर्टेमिएव से होगा जिन्होंने एंड्रयू होंग के खिलाफ काले मोहरों से आर्मागेडन मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।

