शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तैयार

इस प्रतियोगिता में प्रियांशु राजावत, तन्वी शर्मा, अनमोल खरब और उन्नति हुड्डा जैसी उभरती हुई भारतीय प्रतिभाएं भी शामिल हैं।
शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तैयार
Published on: 

लखनऊ : पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत, ओलंपियन नोजोमी ओकुहारा और एचएस प्रणय जैसे दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मंगलवार से शुरू हो रही सैयद मोदी इंडिया अंतरराष्ट्रीय एचएसबीसी विश्व टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए तैयार हैं। मौजूदा महिला युगल चैंपियन तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद भी इस चैंपियनशिप में वापसी करेंगी। इस प्रतियोगिता में प्रियांशु राजावत, तन्वी शर्मा, अनमोल खरब और उन्नति हुड्डा जैसी उभरती हुई भारतीय प्रतिभाएं भी शामिल हैं।

प्रतियोगिता में भारत के 152 खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल भाग ले रहा है। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने रविवार को घोषणा की कि कुल 240,000 डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। क्वालीफायर और मुख्य ड्रॉ के चुनिंदा मैच मंगलवार को खेले जाएंगे, जबकि इसका फाइनल 30 नवंबर को होगा। पांचों स्पर्धाओं (पुरुष और महिला एकल, पुरुष और महिला युगल और मिश्रित युगल) में 32 खिलाड़ियों (या जोड़ियों) के बीच मुकाबला होगा, जिसमें 28 को सीधे प्रवेश मिलेगा जबकि चार क्वालीफायर के जरिये रास्ता बनायेंगे।

महिला युगल के मुख्य ड्रॉ में मेजबान संघ की ओर से श्रुति मिश्रा, समृद्धि सिंह, सोनाली सिंह और तनिषा सिंह शामिल होंगी, जबकि मिश्रित युगल में आयुष अग्रवाल और श्रुति मिश्रा राज्य की चुनौती का नेतृत्व करेंगे। प्रतियोगिता में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क होगा। सेमीफाइनल और फाइनल का सीधा प्रसारण ‘डीडी स्पोर्ट्स’ और ‘वेव ओटीटी’ मंच पर किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News