तिलक का नाबाद अर्धशतक, भारत 2-0 से आगे
क्राइस्टचर्च : भारत ने तिलक वर्मा (नाबाद 51 रन) के अर्धशतक और नीतिश कुमार रेड्डी (नाबाद 26 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 30 गेंद में 69 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत शुरूआती झटकों से उबरते हुए शनिवार को यहां दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड पर 1 गेंद रहते 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। तिलक (26 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) और नीतिश कुमार (13 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का) ने ऐसे समय में जिम्मेदारी संभाली, जब टीम 15वें ओवर में 112 रन पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। लेकिन दोनों ने सूझबूझ और संयम से बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 6 विकेट पर 181 रन बनाकर भारत को 5 मैच की शृंखला में 2-0 से आगे कर दिया। कप्तान मिचेल सैंटनर (4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से एक समय न्यूजीलैंड की टीम जीत की ओर बढ़ रही थी। पर तिलक ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए मैच उनके हाथों से छीन लिया। भारतीय गेंदबाजों ने पहले मैच की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन मेजबान टीम ने ग्लेन फिलिप्स (70) और बेवोन जैकब्स (56) के अर्धशतकों के बाद पांच विकेट पर 180 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लगातार विकेट गंवाए
भारत के लिए शुरूआत इतनी अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरू में लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। मध्यक्रम बल्लेबाज नमन धीर ने 31 रन, अभिषेक शर्मा ने 27 रन, संजू सैमसन ने 14 रन और अक्षर पटेल ने 11 रन बनाए। भारत को पहला झटका पांचवें ओवर में जैकब डफी ने सैमसन को आउट करके दिया जो धीमी गेंद को जल्दी खेलकर ग्लेन फिलिप्स के हाथों लपके गए, तब टीम का स्कोर 40 रन था। स्कोर में 4 रन ही जुड़े थे कि सीरीज का पहला मैच खेल रहे वैभव सूर्यवंशी (04) को नाथन स्मिथ ने आउट कर दिया। इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर सैंटनर ने आते ही कमाल की गेंदबाजी करते हुए अभिषेक, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (07) और अक्षर के विकेट झटके। इस तरह भारत ने 11वें ओवर में 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। सैंटनर की गेंद को हवा में उठाने के बाद अभिषेक डीप मिडविकेट पर स्मिथ के हाथों लपक गए और शीर्ष 3 बल्लेबाज पवेलियन लौटने के बाद भारत दबाव में आ गया था। सैंटनर ने फिर अपने दूसरे ओवर में अय्यर और अक्षर को आउट किया, इस तरह भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। नमन और तिलक ने मिलकर 25 गेंद की साझेदारी में 42 रन बनाए। पर सैंटनर ने अपने अंतिम ओवर और पारी के 15वें ओवर में नमन को आउट किया जिससे भारत को 112 रन छठा झटका लगा।

