

कोच्चि : केरलम के खेल मंत्री ओ जे जानीश ने गुरुवार को कहा कि अर्जेंटीना की टीम और सुपरस्टार फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के साथ प्रदेश में फुटबॉल मैच कराने के पिछली सरकार के प्रयास में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच की जायेगी। पूर्व खेल मंत्री वी अब्दुरहमान ने कथित अनियमितताओं की जांच के लिये विशेष जांच टीम (SIT) के गठन को लेकर मौजूदा सरकार और खेल मंत्री की आलोचना की थी जिसके बाद जानीश ने पत्रकारों से यह बात कही।
जानीश ने कहा, ‘पिछली सरकार अपने प्रयासों में नाकाम रही और अर्जेंटीना टीम ने दूसरे देशों में दोस्ताना मैच खेले।’ उन्होंने कहा, ‘तथ्य सामने आने चाहिये और SIT जांच के जरिये मामले पर और प्रकाश डाला जा सकेगा। यह स्पष्ट है कि मामले में प्रक्रिया से जुड़ी कई चूक हुई हैं।’
उन्होंने कहा, ‘बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमिततायें भी इसमें शामिल है। क्या विदेश में आयोजन के लिये अनुमति मिली थी या यह केरलम में होना था। अगर केरलम में होना था तो क्या इसके लिये अनुमति ली गई थी। कई पहलुओं पर जांच की जरूरत है। अनुमति मिलने से पहले प्रायोजक कैसे तय हो गया।’