

टोयोटा : भारत की महिला और पुरुष टेबल टेनिस टीमों ने सोमवार को यहां अपने-अपने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वियों पर 3-0 से समान जीत हासिल करते हुए एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। स्काई हॉल में भारतीय महिला टीम ने ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने रविवार को अपने शुरुआती मुकाबलों में इंडोनेशिया और सिंगापुर को हराया था और इसके बाद चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी अपना दबदबा कायम रखा।
हांगझोउ एशियाई खेलों में महिला युगल का कांस्य पदक जीतने वाली सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को केवल 10 मिनट में 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद 17 वर्षीय सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। आईटीटीएफ महिला एकल रैंकिंग में फिलहाल 99वें स्थान पर काबिज सिंड्रेला को घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन का इनाम एशियाई खेलों के लिए सीनियर टीम में चयन के रूप में मिला है। श्रीजा अकुला ने फातिमा खान को महज 11 मिनट में 11-4, 11-4, 11-5 से हराकर मुकाबला भारत के नाम किया और टीम को अंतिम आठ में पहुंचाया।
बाद में भारतीय पुरुष टीम ने ईरान के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 3-0 से करारी शिकस्त दी। विश्व में 97वें नंबर के खिलाड़ी हरमीत देसाई ने पहले मैच में पाकिस्तान के मोहम्मद खान पर 3-0 (11-4, 11-3, 11-5) से जीत के साथ भारत को शानदार शुरुआत दिलाई, जबकि 82वें रैंकिंग के कप्तान जी साथियान ने अब्बास खान पर 3-0 (11-1, 11-8, 11-9) से आसान जीत दर्द की। तीसरे मैच में पायस जैन ने मोहम्मद खान को 3-0 (11-2, 11-5, 11-7) से हराकर भारतीय टीम को जीत की राह पर लौटा दिया।