

नवी मुंबई : भारत ने T-20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया। मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 241 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम सात विकेट पर 210 रन ही बना सकी। रनचेज में दक्षिण अफ्रीका के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 21 गेंद पर 44 रन बनाए। वहीं कप्तान एडेन मार्करम ने रिटायर्ड आउट होने से पहले 19 गेंद पर 38 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और चार छक्के शामिल रहे। जेसन स्मिथ ने 4 चौके और एक छक्के की सहायता से 23 गेंद का सामना करते हुए 35 रन बनाए।
इससे पहले इशान किशन की अगुवाई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने पांच विकेट पर 240 रन बनाए। इशान ने 20 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों के साथ 53 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक शर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में तीन छक्कों और इतने ही चौकों से 45 रन बनाए। अक्षर पटेल (नाबाद 35), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) और हार्दिक पंड्या (30) ने भी उपयोगी पारियां खेली। उम्मीद है कि इशान सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले T-20 विश्व कप मैच में अभिषेक के साथ पारी का आगाज करेंगे।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद इशान किशन और अभिषेक शर्मा ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। इशान ने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर में दो छक्के मारे जबकि कागिसो रबादा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। अभिषेक ने कोर्बिन बॉश पर लगातार तीन चौके मारे। इशान ने पांचवें ओवर में एनरिच नोर्किया की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके से 29 रन जोड़े। इशान ने क्वेना मफाका पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रिटायर्ड आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और दो चौके लगाए।
भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए। अभिषेक भी 24 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। चोट के बाद वापसी कर रहे वर्मा शानदार लय में दिखे। उन्होंने स्पिनर जॉर्ज लिंडे पर छक्के और चौके से शुरुआत की और फिर नोर्किया पर भी लगातार दो चौके मारे। भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बनाए। मार्को यानसेन ने तिलक को बोल्ड किया। उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और तीन चौके मारे। सूर्यकुमार भी 16 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 30 रन बनाने के बाद मफाका की गेंद पर लिंडे को कैच दे बैठे। उप कप्तान अक्षर पटेल ने भी 23 गेंद की अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए जबकि पंड्या ने कोर्बिन बॉश का शिकार बनने से पहले 10 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे। बॉश की गेंद रिंकू सिंह के हेलमेट में लगी। उन्होंने 16 रन बनाए।