T-20 World Cup : श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त दी

श्रीलंका ने इनके शानदार प्रदर्शन की मदद से पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पांच विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
T-20 World Cup : श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त दी
Eranga Jayawardena
Published on

पल्लीकल : कप्तान दासुन शनाका सहित तीन बल्लेबाजों के अर्द्धशतक और बाद में धारदार गेंदबाजी की मदद से श्रीलंका ने T-20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में गुरुवार को यहां ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त देकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया । कुसल मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), पवन रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने अर्द्धशतक जमाए और ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्रीलंका ने इनके शानदार प्रदर्शन की मदद से पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पांच विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

ओमान के बल्लेबाजों के पास श्रीलंका के तेज और स्पिन आक्रमण का कोई जवाब नहीं था और उसकी टीम नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी। उसकी तरफ से केवल मोहम्मद नदीम ही संघर्ष कर पाए जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चामीरा और महीश तीक्षणा ने दो दो विकेट लिए। श्रीलंका की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है। ओमान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर बड़ी जीत की नींव रखी। जितेन रामानंदी ओमान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर दो विकेट लिए।

मेंडिस ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी जबकि रत्नायके और शनाका ने महत्वपूर्ण समय पर अपनी लय हासिल की। आयरलैंड के खिलाफ केवल पांच रन बनाकर आउट होने वाले रत्नायके ने 24 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 12वें ओवर में तेज गेंदबाज रामानंदी पर पारी का पहला छक्का लगाया और सुफयान महमूद को लगातार तीन चौके लगाकर यह अपना अर्द्धशतक पूरा किया। रत्नायके और मेंडिस ने केवल 52 गेंद पर 94 रन की साझेदारी की। इस बीच उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया।

मेंडिस ने अपनी भूमिका बखूबी निभाते हुए ओमान के स्पिनरों को निशाने पर रखा। उन्होंने अपना लगातार दूसरा और कुल मिलाकर 19वां अर्द्धशतक लगाया। उनकी पारी में सात चौके शामिल हैं। वह आखिरी ओवर से ठीक पहले रन आउट हो गए। इस टूर्नामेंट से पहले रन बनाने के लिए जूझ रहे शनाका ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया और केवल 19 गेंद पर अर्द्धशतक पूरा किया जो श्रीलंका की तरफ से टी20 विश्व कप में नया रिकॉर्ड है। शनाका ने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। शनाका ने नदीम खान पर चौका और लगातार दो छक्के लगाए और फिर सुफयान महमूद पर लगातार छक्के जड़कर अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

शनाका और मेंडिस 19वें ओवर में लगातार गेंदों पर आउट हो गए। कामिंदु मेंडिस (नाबाद 19) ने शाह फैसल को लगातार दो छक्के लगाकर पारी का शानदार अंत किया। श्रीलंका ने आखिरी चार ओवरों में 65 रन बनाकर वर्तमान टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।ओमान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए। कप्तान जतिंदर सिंह (01) फिर से नाकाम रहे और चमीरा ने उन्हें पारी के पहले ओवर में ही पवेलियन की राह दिखा दी।

दूसरे सलामी बल्लेबाज अमीर कलीम (06) भी दूसरे ओवर में तीक्षना के शिकार बने जबकि चामीरा ने पावरप्ले के अंतिम ओवर में हम्माद मिर्जा (09) का विकेट लिया। ओमान ने पावरप्ले में तीन विकेट पर 36 रन बनाए। ओमान की तरफ से नदीम के अलावा वसीम अली ही दोहरे अंक में पहुंचे। उन्होंने 20 गेंद पर 27 रन की अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। नाजिम और वसीम ने चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े लेकिन यह साझेदारी टूटने के बाद ओमान की पारी का पतन हो गया। नदीम ने 52 गेंद पर T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना तीसरा अर्द्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in