गति में थोड़ा बदलाव करना सुथार को खास बनाता है : राहुल

मानव सुथार की एक्शन में मामूली बदलाव और गति की विविधता ने गॉल टेस्ट में 10 विकेट दिलाए, राहुल बोले हर परिस्थिति में खतरनाक स्पिनर
गति में थोड़ा बदलाव करना सुथार को खास बनाता है : राहुल
Shailendra Bhojak
Published on

गॉल : भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल ने कहा कि बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार की एक्शन में कोई खास बदलाव किए बिना गेंद की गति में विविधता लाने की शानदार क्षमता और सटीकता उन्हें हर तरह की परिस्थितियों में बेहद खतरनाक गेंदबाज बनाती है। सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 10 विकेट चटकाए और भारत को 165 रन से बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। राहुल ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘एक ही एक्शन और एक ही कोण से गेंदबाजी करते हुए मामूली बदलाव करना, बिना गति बदले गेंद को धीमा और तेज करना उनकी खासियत है।

वह कोण में भी बहुत मामूली बदलाव करते हैं।’ उन्होंने कहा कि सुथार ने गॉल में हवा का भी बेहतरीन इस्तेमाल किया। राहुल ने कहा, ‘गॉल में जब हवा एक तरफ से चल रही थी तो उन्होंने ‘ड्रिफ्ट’ का बहुत अच्छी तरह इस्तेमाल किया। इसके बाद गेंद सीधी हुई या अंदर आई। यह ऐसी चीज है जो वह भारत में भी हमेशा से करते आए हैं।’ उन्होंने कहा कि सुथार की लगातार सही जगह गेंद डालने की क्षमता बल्लेबाजों के लिए परेशानी पैदा करती है। राहुल ने कहा, ‘वह एक ही जगह से लगातार गेंदबाजी करते हैं और मामूली बदलावों के जरिए पूरे दिन ऐसा कर सकते हैं।

इससे बल्लेबाज सोचने लगता है कि अगर गेंद ज्यादा नहीं घूम रही है तो उसे कुछ अलग करना होगा। जब बल्लेबाज इस तरह की मानसिक स्थिति में होता है तो मुकाबला आपके पक्ष में हो जाता है।’ उन्होंने कहा कि सुथार की गेंदबाजी की गति और निरंतरता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, ‘वह हमेशा बल्लेबाज को हर तरह से आउट होने की चुनौती देते हैं। जिस लाइन पर वह गेंदबाजी करते हैं, उससे एलबीडब्ल्यू हो सकता है और अगर गेंद थोड़ी घूमी तो विकेट के पीछे कैच भी हो सकता है। यह एक खास कौशल है।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in