हार्मर की शानदार गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें दिन बांग्लादेश को हराया
जोहानिसबर्ग :
साइमन हार्मर ने बांग्लादेश के निचले क्रम को सस्ते में समेट दिया जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट से जीत दर्ज की। इससे मेजबान टीम ने दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
बांग्लादेश की टीम पांचवें दिन 100 रन पर 5 विकेट से आगे खेलने उतरी और दक्षिण अफ्रीका के ऑफ स्पिनर हार्मर की गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकी। हार्मर ने बांग्लादेश के आखिरी पांच में से 4 विकेट लेकर मेहमान टीम की पारी 168 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
हार्मर के इस प्रदर्शन ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के निर्णायक टेस्ट मैच के पांचवें दिन की यादें ताजा कर दीं जब उन्होंने 16 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए सिर्फ 12 रन का लक्ष्य मिला था।
हालांकि टीम ने पहली पारी में शतक लगाने वाले मार्क्स एकरमैन का विकेट दूसरी ही गेंद पर शून्य के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बावजूद टीम ने लंच से पहले 1 विकेट पर 12 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
एडन मारक्रम (नाबाद 08) ने जल्द ही विजयी रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने उसे टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान से हटा दिया था। दक्षिण अफ्रीका मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन भी है।

