Paris
फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची सिंधू

सिंधू फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची, अश्मिता का सफर थमा

Published on: 

पेरिस : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने शुक्रवार को यहां फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बना ली जबकि अश्मिता चालिहा का शानदार अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने 9.5 लाख डॉलर इनामी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान को 39 मिनट में सीधे गेमों में 21-13, 21-14 से हराया। अश्मिता को जापान की पूर्व विश्व चैंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में 10-21, 21-17, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान पर काबिज 27 साल की अश्मिता ने बृहस्पतवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान की तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।अश्मिता के बाहर होने के बाद सिंधू टूर्नामेंट में बची एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। सेमीफाइनल में उनका सामना जापान की हिना अकेची से होगा। पिन-चियान के खिलाफ सिंधू ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन उन्हें शुरुआती दौर में थाईलैंड की विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर मौजूद सुपानिदा कातेथोंग के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर काबिज सिंधू ने कहा कि पहले दौर के अनुभव ने उन्हें सतर्क रहना सिखाया।सिंधू ने जीत के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि पहले दौर के मुकाबले से मैंने सबक सीखा। मैं बढ़त पर थी, लेकिन मैंने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका दे दिया। अंत में यह बेहद अहम साबित हुआ। इसके बाद मैंने बढ़त मिलने पर अधिक सतर्क रहना शुरू किया। पिन-चियान के खिलाफ मैंने यह नहीं सोचा कि मुकाबला आसान है या खेल खत्म हो गया है। मैंने मैच समाप्त होने तक संघर्ष जारी रखा, क्योंकि कुछ भी हो सकता है। पहले दौर में मैं 10 अंक की बढ़त पर थी, लेकिन मेरी प्रतिद्वंद्वी ने अंतर कम कर दिया था। उस समय मुकाबला किसी के भी पक्ष में जा सकता था।’ पिछले सप्ताह डेनमार्क ओपन के पहले दौर में सिंधू को जर्मनी की उनसे कम रैंकिंग वाली यवोन ली के खिलाफ अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। सिंधू ने अब तक फ्रेंच ओपन का खिताब नहीं जीता है और इस बार वह इस इंतजार को खत्म करने की कोशिश में हैं। उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से फ्रेंच ओपन जीतना शानदार होगा। काफी समय पहले मैंने इस टूर्नामेंट में खेला था, लेकिन उस समय स्टेडियम अलग था। मैं उम्मीद कर रही हूं कि इस बार जीत हासिल कर सकूंगी।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in