संजू सैमसन टीम से बाहर

भविष्य की टीम गढ़ने की तैयारी में चयनकर्ताओं ने विश्व कप नायक संजू सैमसन को जिम्बाब्वे T-20 सीरीज से बाहर रखकर यश ठाकुर, अशोक शर्मा, हर्ष दुबे और युवा वैभव सूर्यवंशी जैसे नए चेहरों पर भरोसा जताया
 फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

नयी दिल्ली : चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कड़े फैसले लेना जारी रखा है और इसी क्रम में विश्व कप जीतने वाली टीम के बल्लेबाज संजू सैमसन को इस महीने के आखिर में जिम्बाब्वे में होने वाली तीन T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया है। भारतीय टीम 23, 25 और 27 जुलाई को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन T-20 मैच खेलेगी। चयनकर्ताओं ने पहली बार तेज गेंदबाजों यश ठाकुर और अशोक शर्मा को टीम में जगह दी है। IPL 2026 में अशोक ने गुजरात टाइटन्स की ओर से कुछ मुकाबलों में प्रभावित किया था। हाल में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी पहली बार 15 सदस्यीय T-20 टीम में जगह मिली है। एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘मयंक यादव और अशोक शर्मा भारत के दो सबसे तेज गेंदबाज हैं। वे युवा हैं।

अगर चयनकर्ता उन्हें जिम्बाब्वे जैसी टीम के खिलाफ भी नहीं आजमाएंगे तो फिर कहां आजमाएंगे?’ सैमसन की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल किया गया। प्रभसिमरन ने IPL-2026 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और यह दाएं हाथ का बल्लेबाज हांगझोऊ में हुए 2023 एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा था। इंग्लैंड में चल रही पांच मैच की T-20 सीरीज के दूसरे मैच में सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में चुना गया। सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दोनों T-20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में नाकाम रहे थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को T-20 विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।

बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने। सैमसन के लिए IPL सत्र भी अच्छा रहा जिसमें उन्होंने दो शतक लगाए लेकिन सूर्यवंशी के उभरने और 15 साल के इस खिलाड़ी को अधिक मौके देने की जरूरत के कारण शायद चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में 31 साल के सैमसन को शामिल नहीं किया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने सैमसन को टीम में शामिल नहीं करने की वजह नहीं बताई लेकिन वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अभी इंग्लैंड में हैं और टीम में जगह नहीं बना पाए। एक सूत्र ने कहा, ‘इसमें हैरानी की क्या बात है कि संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया है? जो लोग ऐसा कह रहे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा हैं इसलिए जो लोग चयन समिति की आलोचना कर रहे हैं उन्हें थोड़ा होमवर्क कर लेना चाहिए।

जब ​​सैमसन को खेलना ही नहीं है तो उन्हें साथ ले जाने का क्या मतलब? वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं।’ सैमसन के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। इनमें से हर्षित, प्रसिद्ध और वाशिंगटन इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं इसलिए वे अफ्रीकी देश के दौरे पर नहीं जा पाएंगे। निचले क्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की T-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। मयंक 2024 के बाद पहली बार टीम में लौटे हैं। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मुकाबलों के लिए चयनकर्ताओं ने चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को टीम में शामिल किया है।

भारतीय टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन , शिवम दूबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, शिवम दूबे ।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in