SAI ने 323 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए

साइ ने 26 खेलों में सहायक कोच के 323 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिनमें से 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं
SAI ने 323 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए
Published on: 

नयी दिल्ली : भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने अपने उत्कृष्टता केंद्रों (COE) और अन्य प्रशिक्षण स्थलों में सहायक कोच के लिए आवेदन मंगाए हैं। साइ ने 26 खेलों में सहायक कोच के 323 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिनमें से 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन खेलों में निशानेबाजी, एथलेटिक्स, तैराकी और कुश्ती भी शामिल हैं। साइ ने कहा कि इन सहायक कोच की भारत भर में फैले उसके विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों और प्रशिक्षण केंद्रों में तैनाती की जाएगी। संस्था ने अपनी नवीनतम अधिसूचना में कहा है, ‘भर्ती दो चरणों वाली प्रक्रिया में पूरी की जाएगी।

इनमें कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा यानि कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और कोचिंग योग्यता परीक्षा (सीएटी) शामिल हैं।’ इसमें आगे कहा गया है, ‘भर्ती पद्धति में कोचिंग योग्यता परीक्षा के लिए 60 प्रतिशत अंक और कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।’ एथलेटिक्स और निशानेबाजी में 28-28 पद रिक्त पड़े हैं जबकि तैराकी में 26 पद भरे जाएंगे। कुश्ती के लिए 22 कोच की नियुक्ति की जाएगी। मुक्केबाजी में 19 सहायक कोच की भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा भारोत्तोलन, तीरंदाजी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस आदि खेलों में भी पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन परीक्षा दिल्ली, लखनऊ, चंडीगढ़, भोपाल, गांधीनगर, मुंबई, कोलकाता, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बेंगलुरू, तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और इम्फाल में आयोजित की जाएगी। साइ ने कहा, ‘उम्मीदवारों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों की संख्या को घटाया या बढ़ाया जा सकता है।’

वही उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं जिनकी उम्र कम से कम 30 वर्ष हो तथा जिनके पास साइ एनएस-एनआईएस पटियाला या किसी अन्य मान्यता प्राप्त भारतीय या विदेशी विश्वविद्यालय से कोचिंग में डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता हो। साइ की अधिसूचना में कहा गया है, ‘ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने के साथ-साथ कोचिंग में सर्टिफिकेट कोर्स करने वाले या द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच भी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in