जीत की राह पर लौटने उतरेगा RR

मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक रॉयल्स और खराब फॉर्म से परेशान KKR के बीच यह मुकाबला होगा।
जीत की राह पर लौटने उतरेगा RR
Published on

कोलकाता : शानदार फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर जीत के लिये तरस रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ रविवार को IPL के मैच में लय वापिस पाने के इरादे से उतरेगी। मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक रॉयल्स और खराब फॉर्म से परेशान KKR के बीच यह मुकाबला होगा। राजस्थान ने लगातार चार जीत दर्ज की लेकिन पिछले मैच में उसे सनराइजर्स हैदराबाद ने हराया। वहीं KKR छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR कई मौकों पर जीत के करीब पहुंचकर हार गई है जिससे टीम का आत्मविश्वास डगमगा गया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश में धुलने से उसे एकमात्र अंक मिला है। KKR के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप चोटों के कारण बाहर हैं जबकि मथीषा पथिराना अभी तक आये नहीं हैं। रहाणे और मुख्य कोच अभिषेक नायर के कई फैसले भी विवादित रहे हैं। चयन से जुड़े फैसलों और मैच प्रबंधन पर ऊंगली उठी हैं। T-20 विश्व कप के बाद लय हासिल करने के लिये जूझ रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को पावरप्ले में उतारना समझ नहीं आया।

अभिषेक शर्मा ने उनके एक ओवर में 25 रन निकाले थे जिससे उनका हौसला और टूट गया होगा। पहले चार मैच में वह कोई विकेट नहीं ले सके। न्यूजीलैंड के लिये T-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले टिम सीफर्ट को अभी तक एक ही मैच में उतारा गया जबकि स्टार हरफनमौला रचिन रवींद्र अभी तक खेले ही नहीं हैं। कई प्रतिभाशाली घरेलू क्रिकेटर भी बेंच पर ही बैठे रह गए। शेन वाटसन, टिम साउदी और ड्वेन ब्रावो जैसे दिग्गजों के सहयोगी स्टाफ में रहते हुए KKR सही एकादश नहीं उतार पाया है। रहाणे के टॉस जीतने के बाद के फैसले भी अजीब रहे हैं।

मसलन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिच में नमी होते हुए उन्होंने बल्लेबाजी चुनी और पावरप्ले के भीतर स्कोर तीन विकेट पर 32 रन था। आगामी विधानसभा चुनाव के कारण अब यहां करीब एक महीने तक मैच नहीं होगा जिससे KKR घरेलू प्रशंसकों के सामने पहली जीत के लिये बेताब होगी। अब ईडन गार्डन पर अगला मैच 16 मई को होगा। दूसरी ओर राजस्थान के विजय रथ पर सनराइजर्स ने विराम लगा दिया था। उसके शीर्ष बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल , लुआन ड्रि प्रिटोरियस और रियान पराग दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके थे। इस कमजोरी से टीम को पार पाना होगा।

राजस्थान रॉयल्स : रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

KKR : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा। 

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in