New Delhi
ओलंपिक मेजबानी का रोडमैप

भारत का ओलंपिक मेजबानी का रोडमैप पेश

इसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के भारत के अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास की योजनाओं और खेलों के आयोजन के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण को भी शामिल किया गया।’
Published on: 

नयी दिल्ली :

देश में खेल के बुनियादी ढांचे के तेजी से हो रहे विकास को रेखांकित करते हुए भारत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के भविष्य मेजबान आयोग के साथ ऑनलाइन बैठक में 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना ‘दृष्टिकोण और प्रस्तावित रोडमैप’ पेश किया। कोलिंडा ग्राबर कितारोविच की अध्यक्षता वाले 9 सदस्यीय भविष्य मेजबान आयोग के समक्ष करीब 30 मिनट तक प्रस्तुतीकरण हुआ जिसके बाद लगभग 20 मिनट तक संक्षिप्त चर्चा की गई।भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की विज्ञप्ति में कहा गया, ‘प्रस्तुतीकरण में प्रस्तावित मेजबान शहर अमदावाद (वर्तमान नाम अहमदाबाद) की तैयारियों, खेल बुनियादी ढांचे और आईओए को शहर, राज्य तथा केंद्र सरकार के अधिकारियों की ओर से दिए जा रहे सहयोग को शामिल किया गया। इसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के भारत के अनुभव, प्रस्तावित खेल स्थलों के विकास की योजनाओं और खेलों के आयोजन के लिए दीर्घकालिक दृष्टिकोण को भी शामिल किया गया।’

6 अन्य देश दौड़ में

ओलंपिक 2036 की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश करने वाले अन्य देशों में जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये शामिल हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार तुर्किये भविष्य मेजबान आयोग के समक्ष अपना पहला प्रस्तुतीकरण पहले ही दे चुका है। प्रस्तुतीकरण के बाद IOC भारत की दावेदारी पर आम जनता की राय जानने के लिए एक ‘गोपनीय सर्वेक्षण’ कराएगा। यह सर्वेक्षण दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है। अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इसकी अहम भूमिका होगी। इसके बाद रणनीतिक संवाद का चरण शुरू होगा।

ये रहे मौजूद

इस चरण में दावेदारी पेश करने वाले देशों को भविष्य मेजबान आयोग की प्रश्नावली और प्रमुख वित्तीय गारंटी के संबंध में अपनी प्रारंभिक प्रतिक्रिया देनी होगी। प्रस्तुतीकरण में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, IOC में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी, आईओए खिलाड़ी आयोग की प्रमुख और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी तथा आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर सहित अन्य अधिकारियों ने किया।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News