ऋषभ पंत को जिम्मेदारी लेनी होगी : कैफ

LSG ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ IPL मैच में तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

नयी दिल्ली : पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत की आलोचना करते हुए कहा कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को अपनी खेल की समझ में सुधार करना होगा और लगातार अच्छे परिणाम के लिए अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। LSG ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ IPL मैच में तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। पंत इस मैच में केवल 10 रन बना पाए थे और उनके शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाज भी नहीं चल पाए थे।

मुकुल चौधरी के नाबाद 54 रन की मदद से LSG ने यह मैच जीता था। पंत के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है और कैफ ने इसी संदर्भ में उनकी आलोचना की। कैफ ने कहा, ‘टीम को जरूरत थी कि वह अंत तक क्रीज पर टिके रहें। वह अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो 2016 से IPL में खेल रहे हैं। जब वह बल्लेबाजी करने आए तो स्थिति मुश्किल नहीं थी। LSG ने पहले पांच ओवरों में ही 41 रन बना लिए थे। किसी एक बल्लेबाज को जिम्मेदारी लेनी थी और अंत तक बल्लेबाजी करनी थी। यह भूमिका पंत को निभानी चाहिए थी।’

उन्होंने कहा, ‘कप्तान होने के नाते अगर आप जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो आप अपनी टीम को मैच जिताने में मदद नहीं कर सकते। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उन्हें निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है। उन्हें मैच की स्थिति को बेहतर ढंग से समझना होगा और यह सीखना होगा कि कब अपनी रणनीति बदलनी है।’ कैफ ने कहा, ‘एक कप्तान का काम होता है कि वह लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत तक टिका रहे और पंत को इसी पर काम करना होगा।’

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि LSG इस सत्र में अपने प्रमुख खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद जीत रही है जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वह पूरी तरह से उन पर निर्भर नहीं है। गावस्कर ने कहा, ‘ LSG मुश्किल स्थिति में थी, लेकिन अपने युवा खिलाड़ियों की मदद से जीत हासिल करने में कामयाब रहे। मिचेल मार्श ज्यादा रन नहीं बना पाए, एडन मारक्रम ने सिर्फ 22 रन बनाए। पंत और पूरन भी लय में नहीं आ सके।’

उन्होंने कहा, ‘अपने मुख्य बल्लेबाजों के संघर्ष के बावजूद LSG ने खुद को संभाला और जीत हासिल की। पिछले साल वे पूरी तरह से अपने इन मुख्य खिलाड़ियों पर निर्भर थे। इस सत्र में वे इन खिलाड़ियों पर निर्भर हुए बिना भी जीत हासिल कर रहे हैं।’ गावस्कर ने कहा, ‘LSG के लिए चिंता का विषय निकोलस पूरन की खराब फॉर्म है। KKR के खिलाफ वह लय में नहीं दिखे। LSG को पूरन का आत्मविश्वास वापस दिलाने का कोई तरीका ढूंढना होगा।’

उन्होंने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की भी प्रशंसा की। गावस्कर ने कहा, ‘मुकुल चौधरी बेखौफ होकर बल्लेबाजी करता है। उसने अविश्वसनीय पारी खेली। मुझे IPL में यही बात सबसे अच्छी लगती है कि हर दिन हमें कुछ नया देखने को मिलता है। उसने जो आत्मविश्वास दिखाया और जिस तरह से अपने शॉट खेले, वह देखना वाकई अद्भुत था।’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in