पांड्या और नेहरा पर जुर्माना

पांड्या पर 24 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया
पांड्या और नेहरा पर जुर्माना
Published on: 

मुंबई : मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और उनकी टीम पर धीमी ओवरगति के लिये भारी जुर्माना लगाया गया जबकि गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा पर खेलभावना के विपरीत आचरण के लिये जुर्माना और डिमेरिट अंक लगाये गए। मुंबई को आईपीएल के वर्षाबाधित मैच में गुजरात ने डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर तीन विकेट से हराया। आईपीएल ने एक बयान में कहा, ‘यह आईपीएल आचार संहिता के तहत इस सत्र में उनकी टीम का धीमी ओवरगति का दूसरा अपराध था।

पांड्या पर 24 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।’ मुंबई की बाकी टीम और स्थानापन्न खिलाड़ियों पर छह लाख रुपये या उनकी मैच फीस के 25 प्रतिशत में से जो कम हो, जुर्माना लगाया गया है। नेहरा की गलती के बारे में विज्ञप्ति में बताया नहीं गया लेकिन बार बार बारिश के कारण मैच रूकने के दौरान उन्हें आपा खोते देखा गया।

वह मैदानी अंपायरों से भी बार बार बात कर रहे थे। आईपीएल ने कहा, ‘गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के कारण एक डिमेरिट अंक भी लगाया गया। उन्होंने लेवल एक का अपराध किया है जो खेलभावना के विपरीत आचरण के संबंध में है। उन्होंने सजा स्वीकार कर ली है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News