

नई दिल्ली - ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली इस राय से सहमत नहीं हैं कि रोहित को टूर्नामेंट के बाद वनडे फॉर्मेट को अलविदा कह देना चाहिए। 37 वर्षीय रोहित शर्मा ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत को खिताबी जीत दिलाने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतती है, तो रोहित वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
रोहित शर्मा को लेकर क्या कहा ?
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अपने बयान में कहा कि रोहित शर्मा ने हाल ही में एक ICC खिताब जीता है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए। गांगुली ने सवाल उठाते हुए कहा, "रोहित शर्मा के संन्यास की चर्चा क्यों की जा रही है? यह मुद्दा उठ ही क्यों रहा है? उन्होंने कुछ महीने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप जीता है।"
भारत को फाइनल से पहले बताया मजबूत दावेदार
सौरव गांगुली ने कहा कि उन्हें नहीं पता चयनकर्ता क्या योजना बना रहे हैं, लेकिन रोहित शर्मा शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने भारत को न्यूजीलैंड से मजबूत टीम बताते हुए कहा कि भारत ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला, 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता और चैंपियंस ट्रॉफी में अब तक अजेय रहा है। जब भारत की फाइनल में संभावनाओं पर सवाल किया गया, तो पूर्व कप्तान ने कहा कि भारत इस मुकाबले में मजबूत दावेदार है।
चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन सकते हैं रोहित
अगर रोहित शर्मा रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी जीतते हैं, तो वह सौरव गांगुली और एमएस धोनी के बाद इस टूर्नामेंट को जीतने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन जाएंगे। भारत ने 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में श्रीलंका के साथ ट्रॉफी साझा की थी, जबकि 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में दूसरी बार खिताब जीता था। अब 2025 में टीम इंडिया के पास तीसरी बार यह ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है।