करारी हार के बाद नेमार के छलके आंसू

सैंटोस ने इस हार के बाद अपने कोच क्लेबर जेवियर के साथ भी करार खत्म कर दिया
करारी हार के बाद नेमार के छलके आंसू
Published on: 

साओ पाउलो : ब्राजील की शीर्ष घरेलू फुटबॉल लीग में वास्को डा गामा के खिलाफ अपनी टीम सैंटोस की 0-6 की करारी शिकस्त के बाद दिग्गज खिलाड़ी नेमार अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और मैदान से बाहर निकलते समय उनकी आंखे नम दिखी।

सैंटोस ने इस हार के बाद अपने कोच क्लेबर जेवियर के साथ भी करार खत्म कर दिया। जेवियर इस साल अप्रैल में टीम के कोच नियुक्त हुए थे। सैंटोस की टीम इस करारी शिकस्त के बाद 20 टीमों की लीग में 15वें स्थान पर है। टीम पर रेलीगेशन (निचली लीग में खिसकना) का खतरा है।

सैंटोस के रेलीगेशन स्थान पर काबिज टीम से सिर्फ दो अंक अधिक है। इस मैच में वास्को के फिलिप कोटिन्हो ने दो गोल किए। मैच के बाद सैंटोस के टीम के सदस्य ने मैदान पर नेमार को सांत्वना दी। तैंतीस साल के नेमार बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन जैसी शीर्ष यूरोपीय क्लब के प्रतिनिधित्व के बाद सऊदी अरब में खेला था।

सऊदी अरब में सफलता नहीं मिलने के बाद नेमार अपने बचपन के क्लब में लौट आए थे। उन्होंने जून में इस क्लब के साथ अनुबंध विस्तार पर हस्ताक्षर किए जिससे वह साल के अंत तक सैंटोस के साथ ही रहेंगे। ब्राजील की घरेलू लीग की सफल टीमें में शामिल सैंटोस का महान खिलाड़ी पेले ने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News