नयी दिल्ली : दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शनिवार को सोनीपत में यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप के आयोजन में 350 से अधिक बच्चों का उत्साह बढ़ाएंगे। दो साल तक इस प्रतियोगिता के ब्रांड दूत रहने के बाद चोपड़ा इस साल की शुरुआत में यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप की पहल करने वाली कंपनी ‘एसडी स्पोर्ट्स इंडिया’ के सह-मालिक बन गए थे। अब वह इस जमीनी स्तर की प्रतियोगिता को अपने गृह राज्य हरियाणा लेकर आए हैं। चोपड़ा सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में 350 से अधिक बच्चों के साथ क्षेत्र के पहले ‘सिटी फाइनल’ का जश्न मनाएंगे। चोपड़ा ने कहा, ‘हरियाणा हमेशा मेरे लिए खास रहेगा क्योंकि खेलों में मेरा सफर यहीं से शुरू हुआ था। मेरा मानना है कि हर बच्चे को खेलने, अपनी क्षमता पहचानने और बड़े सपने देखने का अवसर मिलना चाहिए, चाहे वह कहीं से भी आता हो।’ चोपड़ा ने कहा, ‘जितने अधिक बच्चे खेलों से जुड़ेंगे, हमारे पास भविष्य के चैंपियन तलाशने के उतने ही अधिक अवसर होंगे जो बड़े मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। यह देखकर अच्छा लग रहा है कि इस पहल की शुरुआत मेरे गृह राज्य में हो रही है।’ इस ‘सिटी फाइनल’ में क्षेत्रभर के स्कूलों में आयोजित प्रतियोगिताओं के बाद 350 से अधिक बच्चे हिस्सा लेंगे। चोपड़ा युवा खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे और विजेताओं को पुरस्कार देकर उनकी भागीदारी तथा उपलब्धियों का सम्मान करेंगे। तीसरे सत्र में अब तक करीब 2.5 लाख बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।

