

कोलकाता : गत चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट ने अपने ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर जेमी मैकलारेन के चार गोल की मदद से शुक्रवार को यहां इंडियन सुपर लीग (ISL) के एक मैच में ओडिशा एफसी को 5-1 से हरा दिया। मैकलारेन ने चार गोल (14वें, 24वें, 45+2वें, 88वें) किए और आईएसएल में अपनी पहली हैट्रिक लगाई।
स्पेनिश डिफेंडर अल्बर्टो रोड्रिगेज (42वें) ने भी घरेलू टीम के लिए गोल किया। ओडिशा के लिए एकमात्र गोल रहीम अली ने 43वें मिनट में किया। इस जीत से मोहन बागान ने चार मैचों में 12 अंक से तालिका में अपनी जगह मजबूत कर ली जबकि ओडिशा एफसी सत्र की अपनी पहली हार के बाद दो अंक पर बना हुआ है।
जमशेदपुर एफसी ने जीत का सिलसिला जारी रखा
जमशेदपुर एफसी ने शुक्रवार को यहां इंडियन सुपर लीग मैच में इंटर काशी को 1-0 से हराया।टीम के लिए स्टीवन एजे ने विजयी गोल किया जबकि घरेलू टीम मैच के ज्यादातर हिस्से में 10 खिलाड़ियों के साथ खेली क्योंकि विंसी बरेतो को 19वें मिनट में बाहर कर दिया गया था। यह जमशेदपुर एफसी की इस सत्र की लगातार चौथी जीत है। जमशेदपुर का सामना अब 15 मार्च को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी से होगा।